कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश के खिलाफ परिवाद दाखिल, 18 सितंबर को होगी सुनवाई
पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश के खिलाफ हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर चंदौसी कोर्ट में याचिका दायर की गई है।

कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश। (तस्वीर- फाइल)
HighLights
जयराम रमेश के खिलाफ हिंदू देवी-देवताओं पर टिप्पणी को लेकर याचिका।
चंदौसी कोर्ट ने पुलिस को 18 सितंबर तक जांच रिपोर्ट सौंपने का आदेश।
याचिकाकर्ता ने धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप लगाया है।
जागरण संवाददाता, संभल। पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद जयराम रमेश की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। हिंदू देवी-देवताओं पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर उनके खिलाफ चंदौसी स्थित सिविल जज (सीनियर डिवीजन) कोर्ट में याचिका दायर की गई है।
कोर्ट ने मामले का संज्ञान लेते हुए सुनवाई की अगली तारीख 18 सितंबर तय की है और संबंधित पुलिस प्रशासन को इस मामले में विस्तृत जांच रिपोर्ट पेश करने का आदेश जारी किया है।
बहजोई निवासी सिमरन गुप्ता ने अदालत में याचिका दाखिल करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री पर गंभीर आरोप लगाए हैं। याचिका में कहा गया है कि जयराम रमेश ने सनातन धर्म के आराध्य देव भगवान ब्रह्मा, विष्णु और महेश की तुलना जवाहरलाल नेहरू, महात्मा गांधी और मुहम्मद अली जिन्ना से की है।
याचिकाकर्ता का कहना है कि इस तरह की तुलना से सनातन धर्म को मानने वाले करोड़ों लोगों की आस्था को गहरी चोट पहुंची है और उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
मामले की सुनवाई करते हुए सिविल जज सीनियर डिवीजन आदित्य सिंह की अदालत ने पुलिस को पूरे मामले की जांच कर 18 सितंबर तक अपनी विस्तृत रिपोर्ट कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
सिमरन गुप्ता का आरोप है कि दो जुलाई 2026 की शाम वह घर में टीवी पर समाचार देख रहे थे, तभी कांग्रेस नेता ने विवादित बयान दिया। जब वह अपनी शिकायत दर्ज कराने बहजोई कोतवाली पहुंचे, तो कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद न्यायालय में परिवाद दाखिल किया।
