बेटे ने ही बहनोई संग मिलकर मारा था मां को
सम्भल। असमोली थाना क्षेत्र में हुई महिला की हत्या का सीओ ने खुलासा किया लेकिन प्रेसवार्ता से पहले वह थाना प्रभारी से पूरे मामले की जानकारी नहीं ले सके।
महिला के अवैध संबंधों से परेशान होकर बेटे ने योजना बनाकर दिया घटना को अंजाम
जागरण संवाददाता, सम्भल :
असमोली थाना क्षेत्र में अधेड़ महिला के सिर में धारदार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने उसके ही बेटे व दामाद को गिरफ्तार किया है। जांच अधिकारी के मुताबिक महिला के कुछ लोगों से अवैध संबंध थे। बेटा विरोध करता था। जब महिला ने बात नहीं मानीं तो उसने बहनोई के साथ मिलकर अपनी मां को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हत्या में प्रयुक्त लोहे की सरिया भी बरामद कर ली है।
क्षेत्र के कस्बा असमोली निवासी स्व.जयप्रकाश उर्फ वीर सिंह की पत्नी कुसुम (50) बीती 18 अप्रैल की सुबह अपनी जेठानी राजबाला पत्नी रामवीर सिंह के खेत पर गेहूं काटने के लिए गयी थी। उसका छोटा बेटा पुष्कर भी साथ गया था। शाम होने के बाद कुसुम का बेटा पुष्कर घर आ गया। वह गेंहू काटती रही। रात के 8 बजने के बाद जब वह घर नहीं पहुंची तो परिजन खेत पर पहुंचे। वहां महिला का शव नग्न अवस्था में पड़ा मिला था। सिर पर धारदार हथियारों से वार करके हत्या कर दी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस ने महिला के बड़े बेटे विपिन की तहरीर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सीओ केके सरोज ने अपने कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि पुलिस विवेचना में पता चला कि महिला के बेटे विपिन ने ही अपने बहनोई कपिल उर्फ कोपिल के साथ मिलकर हत्या की थी। इस मामले में महिला के बेटे विपिन व दामाद बिजनौर जनपद के थाना स्योहरा क्षेत्र के गांव फत्तेहपुर निवासी कपिल उर्फ कोपिल को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इनके पास से लोहे की नुकीली सरिया बरामद हुई है।