संभल में गाय को पीट-पीटकर मार डालने पर भड़के गो रक्षा दल के कार्यकर्ता, कोतवाली में किया प्रदर्शन
खेत में घुसने पर गाय को पीट-पीटकर मार डालने के विरोध में गो रक्षा दल ने संभल कोतवाली में प्रदर्शन किया।

HighLights
खेत में घुसने पर गाय को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा गया।
उपचार के दौरान गाय की मौत से गो रक्षा दल आक्रोशित हुआ।
कार्यकर्ताओं ने आरोपित की गिरफ्तारी की मांग पर कोतवाली में प्रदर्शन किया।
संवाद सहयोगी, संभल। खेत में घुसने पर गाय को लाठी डंडों से पीटने और उपचार के दौरान मौत होने पर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर गो रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। साथ ही आरोपित की गिरफ्तारी की मांग की।
चेतावनी दी कि जब तक आरोपित गिरफ्तार नहीं होगा, तब तक गाय का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। प्रभारी निरीक्षक द्वारा सख्त कार्रवाई का आश्वासन देने और आरोपित के परिवार के एक सदस्य को हिरासत में लेने के बाद कार्यकर्ता शांत हुए।
चंदौसी के लोधियाना मुहल्ले के मुकेश मौर्य पर आरोप है कि उसने दो सितंबर को अपने खेत में एक छुट्टा गाय को पेड़ से बांधकर बुरी तरह पीटा। बचने के चक्कर में गाय नाले में गिर गई और उसे गंभीर चोट आईं। लोगों को इसकी जानकारी हुई, तो नाराजगी जताते हुए आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।

साथ ही घायल गाय को उपचार के लिए सेल्टर होम भिजवाया। जहां उपचार के दौरान रविवार की सुबह गाय की मौत हो गई। जब गो रक्षा दल के कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी मिली, तो वह आक्रोशित हो गए और कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन किया।
पुलिस पर आरोप लगाया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी आरोपित को गिरफ्तार नहीं किया गया। प्रभारी निरीक्षक संत कुमार ने बताया कि आरोपित की तलाश की जा रही है, जल्द उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- दिव्यांग को बचाने में डंपर से टकराया ऑटो: भाई-बहन सहित छह की मौत; संभल में हुआ भीषण हादसा
