किसान विधानसभा के सामने जलाएंगे धान की होली : राजेश
जागरण संवाददाता चन्दौसी समस्याओं को लेकर जल्द ही भाकियू के बैनर तले किसान विधानसभा के साम
जागरण संवाददाता, चन्दौसी: समस्याओं को लेकर जल्द ही भाकियू के बैनर तले किसान विधानसभा के सामने एकत्र होंगे। वहां किसान धान ही होली जलाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। अब किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू आरपार की लड़ाई लड़ने का मन बना चुकी है। यह घोषणा भाकियू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंह चौहान ने चन्दौसी में प्रेसवार्ता के दौरान कही।
भाकियू उपाध्यक्ष राजेश सिंह चौहान सोमवार को धनारी में महापंचायत में जा रहे थे। चन्दौसी पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसान को कहीं भी अपनी फसल बेचने पूरी आजादी थी, लेकिन केंद्र सरकार द्वारा लाए तीन अध्यादेश के बाद खरीद केंद्र व मिल जिला प्रशासन के कंट्रोल के बाहर हो गए है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार छह हजार रुपये एक साल में देती है। इतने रुपये में तो किसान का एक माह का खर्च भी नहीं चलता। यह धनराशि देकर किसान के साथ गंदा मजाक किया जा रहा है। प्रदेश की चीनी मिलों पर किसानों का 14 हजार करोड़ रुपये बकाया है। नियम यह है कि अगर 15 दिनों में चीनी मिल किसानों का भुगतान नहीं करते तो ब्याज देना होगा। यहां पर ब्याज देना तो दूर किसानों का भुगतान नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अगर पराली जलाने पर किसी किसान के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ तो भाकियू अधिकारियों का घेराव करेगी। सरकारी धान क्रय केंद्रों पर किसानों का शोषण किया जा रहा है। जल्द ही किसान विधानसभा पर पहुंचकर धान की होली जलाएंगे। सरकार ने ध्यान नहीं दिया तो किसान उग्र आंदोलन के लिए वाध्य होंगे।