ध्रुव त्यागी के हत्यारों को मिले फांसी की सजा
अन्य साथियों ने मिलकर बेरहमी से उनकी हत्या कर दी।
बहजोई : दिल्ली निवासी ध्रुव त्यागी की नृशंस हत्या के दोषियों को फांसी और मुआवजे में परिजनों को पक्का मकान और एक करोड़ रुपये एवं एक सरकारी नौकरी दिलाने की मांग को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
शुक्रवार को भाजपा महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष रश्मि वासना के नेतृत्व में महिलाएं कलेक्ट्रेट पर पहुंची। उन्होंने प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह को सौंपते हुए कहा कि दिल्ली निवासी ध्रुव त्यागी अपनी बीमार बेटी को दवाई दिलाकर लौट रहे थे। तब रास्ते में घर से कुछ ही दूरी पर दो लोगों ने उनकी बेटी के साथ छेड़खानी की। जब वापस आकर त्यागी जी शिकायत करने आरोपितों के घर गये तो शमशेर आलम, जहॉगीर खान और उनके अन्य साथियों ने मिलकर बेरहमी से उनकी हत्या कर दी। अपने पिता को बचाने आये ध्रुव त्यागी के बेटे को भी धारदार हथियार से मार-मार कर गम्भीर रूप से घायल कर दिया। वह अब आइसीयू में है। ऐसी घिनौनी वारदात को अन्जाम देने वाले शमशेर आलम व उनके साथियों को फांसी देकर ही ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है। इस अवसर पर अंजू श्रोत्रिय, सर्वेश कुमारी, ममता रस्तोगी, सुमन रस्तोगी, रितु वाल्मीकि आदि महिलाएं उपस्थित थी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप