स्वतंत्रता दिवस पर सम्भल में सांप्रदायिक तनाव, चले ईंट-पत्थर
चन्दौसी के बनियाठेर थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर बाबई में एचएच इंटर कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम चल रहा था। कालेज का गेट बंद था, जिसमें एक समुदाय के लोग मौजूद थे।
सम्भल (जेएनएन)। स्वतंत्रता दिवस पर कॉलेज में चल रहे कार्यक्रम को देखने के प्रयास में आज चन्दौसी के बनियाठेर थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर बाबई में दो समुदाय के लोग भिड़ गए। दोनों तरफ से जमकर पथराव के साथ लाठी-डंडे भी चले। पुलिस का दावा है कि कुछ लोग पकड़े गए हैं जबकि स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है।
चन्दौसी के बनियाठेर थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर बाबई में एचएच इंटर कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम चल रहा था। कालेज का गेट बंद था, जिसमें एक समुदाय के लोग मौजूद थे। इसी बीच दूसरे समुदाय के लोगों ने कॉलेज में आने का प्रयास किया। कॉलेज में मौजूद लोगों ने उन्हें ये कहकर मना कर दिया कि बाहरी लोग कॉलेज में नहीं आएंगे।
यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश के साथ भारत को विकसित तथा समृद्ध करना है : योगी आदित्यनाथ
इस पर दूसरे समुदाय के लोग भड़क गए। उनका कहना था कि कॉलेज के अंदर भी तमाम बाहरी लोग हैं, लेकिन समुदाय विशेष का होने के कारण उन्हें कार्यक्रम में शामिल कर लिया गया है।
इसके बाद बाहर मौजूद लोगों तथा अंदर मौजूद लोगों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों तरफ से लाठी- डंडे चलने लगे और पथराव शुरू हो गया। इसमें एक पक्ष के महेश, विपिन, आकाश, आराम सिंह समेत दूसरे पक्ष के कुछ लोग भी घायल हो गए।
एसओ प्रवीण सोलंकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे हैं। कुछ को पकड़े जाने की सूचना है। एसओ ने बताया कि झगड़े की सूचना पर पुलिस पहुंची है, कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।
यह भी पढ़ें: मेरठ व बरेली में काजी का फरमान, बिना राष्ट्रगान के स्वतंत्रता दिवस मनाएं