विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब संभल के चंदौसी चौराहे पर नहीं लगेगा जाम, चौड़ीकरण और 700 स्ट्रीट लाइट लगाने का काम तेज

Published: Tue, 20 Oct 2026 06:49 PM (IST)

संभल के चंदौसी चौराहे के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण का कार्य पीडब्ल्यूडी ने 62 लाख रुपये की लागत से शुरू कर दिया है, जिससे यातायात सुगम होगा।

संभल में 4 किमी सड़क किनारे 697 स्ट्रीट लाइटें लगवाई गईं

संभल में 4 किमी सड़क किनारे 697 स्ट्रीट लाइटें लगवाई गईं

HighLights

  1. चंदौसी चौराहे का 62 लाख से चौड़ीकरण और सुंदरीकरण शुरू।

  2. जाम से निजात और यातायात को सुगम बनाने का लक्ष्य।

  3. 20 लाख से खराब स्ट्रीट लाइटें होंगी ठीक, अनियमितता के आरोप।

जागरण संवाददाता, संभल। चंदौसी चौराहा के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण को लेकर पीडब्ल्यूडी ने काम शुरू करा दिया है। चौराहे पर निर्माण सामग्री पहुंच गई है। एक्सईएन पीब्ल्यूडी सुनील प्रकाश का कहना है कि काम शुरू हो गया है। जाम से निजात और यातायात को सुगम बनाने के लिए चंदौसी चौराहे का चौड़ीकरण किया जाना है।

शासन से पीडब्ल्यूडी को 62 लाख रुपये मिल चुके हैं। पूर्व में रोडवेज बस अड्डा की तरफ मार्ग के किनारे नाले के ऊपर पुलिया बाक्स का निर्माण कराया गया था। वहीं चौराहे से बिजली लाइन, खंबे और ट्रांसफार्मर हटाने के लिए बिजली विभाग को 15 लाख से अधिक के बजट का भुगतान किया गया था। इसी महीने में बिजली विभाग ने 11 केवी की लाइन और खंभों को हटा दिया है जबकि पहले ट्रांसफार्मर को शिफ्ट किया था।

अभी 33 केवी की लाइन और खंभे हटाने का कार्य शेष है। चौराहे पर अतिक्रमण की जद में आईं दुकानों के अगले हिस्से को दुकानदारों ने हटाने का काम कर रहे हैं। शासन से करीब 21 लाख रुपये का बजट पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा लगाने और सुंदरीकरण के लिए दिया गया है।

चौराहे पर होगा यह कार्य

पुलिया बॉक्स के सामने की तरफ इंटरलॉकिंग सड़क हटाकर 13 मीटर डामर सड़क बनेगी। इसकी चौड़ाई करीब एक मीटर रहेगी। चंदौसी मार्ग की तरफ 35 मीटर तक नाली का निर्माण कराया जाएगा। नाली के दूसरी तरफ ढाई मीटर सड़क का निर्माण करते हुए चौड़ीकरण किया जाएगा। सामने की तरफ 40 मीटर लंबाई की सड़क बनाई जाएगी। यह सड़क करीब ढाई मीटर चौड़ी होगी। चौराहे के बीचोबीच गोल चक्कर भी बनाया जाएगा।

चंदौसी में 20 लाख से रोशन होंगी स्ट्रीट लाइटें

नगर पालिका ने सिम्स कॉलेज से विश्वकर्मा धर्मकांटा तिराहा और ग्रीन चंदौसी से पथरा चौराहे तक करीब एक साल से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने की योजना बनाई है। करीब 20 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। दावा है कि दीपावली से पहले इस मुख्य मार्ग से अंधेरा पूरी तरह खत्म हो जाएगा।

बाइपास मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था के लिए वर्ष 2022 में राज्यमंत्री गुलाब देवी के प्रस्ताव पर पीडब्ल्यूडी के यांत्रिक विभाग द्वारा करीब चार किलोमीटर सड़क किनारे 697 स्ट्रीट लाइटें लगवाई गईं, जिन पर करीब पांच करोड़ रुपये खर्च हुए थे।

अगस्त 2022 में लाइटों का उद्घाटन हुआ और महज दो महीने बाद ही ये लाइटें खराब होनी शुरू हो गईं। हालांकि इन्हें बीच में कई बार ठीक भी कराया गया, लेकिन शुरुआत से ही व्यवस्था पटरी पर नहीं लौट पाई और पिछले एक साल से यह सभी लाइटें पूरी तरह खराब पड़ी थीं। ईओ सतेंद्र प्रकाश ने बताया कि जल्द ही लाइटों को सही कराने का काम शुरू होगा।

लग चुके हैं अनियमितता के आरोप

राज्यमंत्री ने बीते दिनों स्ट्रीट लाइट परियोजना में अनियमितता का आरोप लगाते हुए डीएम अंकित खंडेलवाल से जांच की मांग की थी। डीएम द्वारा कराई जांच में सामने आया कि योजना के तहत 697 पोल और स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं, लेकिन मौके पर केवल 426 पोल, 444 स्ट्रीट लाइटें और 427 फाउंडेशन मिले।

जबकि 271 पोल, 253 लाइटें और 270 फाउंडेशन गायब या क्षतिग्रस्त थे। इसे डीएम ने सरकारी संपत्ति के संरक्षण में गंभीर लापरवाही मानते हुए ईओ चंदौसी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा थी, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं हुई।