₹1 लाख रिश्वत के आरोप में बवाल: लेखपाल की गाड़ी के आगे लेटा दुखी किसान, बोला- न्याय नहीं मिला तो जहर खा लूंगा
चंदौसी में एक किसान ने लेखपाल पर खेत की गलत पैमाइश और ₹1 लाख रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए ...और पढ़ें

कार के नीचे लेटा किसान
HighLights
लेखपाल पर रिश्वत मांगने और गलत पैमाइश का आरोप, न्याय न मिलने पर किसान ने दी आत्महत्या की चेतावनी
संवाद सहयोगी, चंदौसी (संभल)। नगर पंचायत नरौली के वार्ड -13 के काश्तकार छोटे श्रीफूलमाली ने बुधवार को हल्का लेखपाल के खिलाफ जमकर हंगामा किया। खेत की गलत पैमाइश करने, शांतिभंग में चालान कराने और एक लाख रुपये की रिश्वत मांगने से आहत किसान ने लेखपाल की गाड़ी के आगे लेटकर विरोध जताया।
न्याय न मिलने पर जहर खाकर आत्महत्या करने की चेतावनी दी। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। पीड़ित छोटे का आरोप है कि लेखपाल ने पड़ोसी खेत स्वामी से मिलकर उसकी जमीन में पैमाइश कर दी और ठिया लगवा दिए।
जबकि उसकी अपनी जमीन पहले से ही कम है। इस मामले की शिकायत डीएम से किए जाने के बाद दोबारा पैमाइश के आदेश दिए गए थे। आरोप है कि तीन महीने बीत जाने के बाद भी लेखपाल पैमाइश करने के बजाय लगातार चक्कर कटवा रहा है।
काश्तकार का यह भी आरोप है कि लेखपाल द्वारा उससे एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है और उसका शांतिभंग में चालान भी करा दिया गया। बुधवार को गुस्साए किसान ने नरौली में लेखपाल की गाड़ी रोक ली और उसके नीचे लेट गया।
हंगामे और आत्महत्या की चेतावनी से घबराए लेखपाल गाड़ी छोड़कर मौके से भाग निकले और पुलिस चौकी पहुंचकर अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। पूरे प्रकरण का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
वहीं, आरोपित लेखपाल राजीव कुमार ने अपने ऊपर लगे सभी रिश्वत और गड़बड़ी के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। एसडीएम आशुतोष तिवारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है।
