भाजपा आरएसएस की दुकान, उत्तर प्रदेश की चाबी योगी के पास : रावत
कल्कि महोत्सव में उत्तराखंड के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता हरीश रावत ने भाजपा को आरएसएस की दुकान बताया और कहा कि यूपी की दुकान योगी को सौंप दी है।
सम्भल (जेएनएन)। कल्कि महोत्सव में पहुंचे उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता हरीश रावत ने भाजपा को आरएसएस की दुकान बताया। कहा कि उत्तर प्रदेश की दुकान योगी को सौंप दी है। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर बनाने के लिए सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार करने की बात कही। उल्लेखनीय है कि इन दिनों सम्भल जिले के एचोड़ा कम्बोह में कल्कि महोत्सव चल रहा है। इसका आज चौथा दिन है। यहां सतत संत समागम चल रहा है।
सभी करना चाहते मंदिरों पर राजनीति
शनिवार शाम एचोड़ा कंबोह स्थित कल्कि धाम पहुंचे हरीश रावत ने प्रेस वार्ता में कहा कि राम मंदिर के लिए या तो हमें कोर्ट के निर्णय का इंतजार करना चाहिए या फिर आपस में समझौता करना चाहिए। मुझे खुशी है कि आचार्य प्रमोद कृष्णम् इसके लिए पहल करने जा रहे हैं। मंदिर पर इतनी राजनीति हो चुकी है कि अब तो भगवान राम भी अपने आप को ठगा महसूस कर रहे हैं। अब तो भाजपा केदारनाथ मंदिर पर भी राजनीति कर रही है। यह लोग सभी मंदिरों पर राजनीति करना चाहते हैं क्योंकि जब तक विवाद नहीं होगा तब तक भाजपा की दुकान नहीं चलेगी। जब तक संत भाजपा के खिलाफ आवाज नहीं उठाएंगे तब तक हल नहीं निकलेगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन जरूरी है क्योंकि संविधान को बचाने की लड़ाई है। हम सपा बसपा से गठबंधन चाहते हैं। इसमें सपा हमारे साथ है।
महायज्ञ और संस्कार की सीख
कल्कि महोत्सव में हो रहे विशाल यज्ञ में श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर सुख समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की। साधु संतों ने भजन प्रस्तुत कर समा बांधा। कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम् व आचार्य केशवदेव शर्मा की देखरेख में महायज्ञ चल रहा है। यहां उपस्थित आचार्यों के मुताबिक कलियुग में हमें चिंतन मनन करना चाहिए। हमें देश की संस्कृति बचाने के लिए बच्चों में बचपन से ही अच्छे संस्कार देने चाहिए। इसके लिए माता-पिता को भी संस्कारवान होना प्रथम है।