अलीगढ़-बरेली पैसेंजर से अचानक कूदने लगे यात्री, 20 मिनट तक खड़ी रही ट्रेन… फिर सामने आई ये खबर
अलीगढ़-बरेली पैसेंजर ट्रेन में अग्निशामक यंत्र चलने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, जिससे कई यात्री ट्रेन से कूद गए और दो महिलाएं घायल हो गईं।

धनारी के भागनगर के निकट खड़ी अलीगढ़-बरेली पैसेंजर। जागरण
HighLights
अग्निशामक यंत्र चलने से अलीगढ़-बरेली पैसेंजर में मची अफरा-तफरी।
यात्रियों के कूदने से दो महिलाएं हुईं चोटिल, ट्रेन 20 मिनट रुकी।
एक संदिग्ध व्यक्ति राजू हिरासत में, आरपीएफ कर रही पूछताछ।
जागरण संवाददाता, संभल। अलीगढ़ से बरेली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन संख्या 54351 में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब धनारी से बहजोई रवाना होने के बाद रेलवे का कुंड वाला पुल पार करते ही एक कोच से पाउडर और धुआं बाहर निकलने लगा।
कोच में बैठे किसी शरारती तत्व ने फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशामक यंत्र) चला दिया था, जिससे गैस के साथ एबीसी पाउडर निकलने लगा। इससे कोच का फायर अलार्म सक्रिय हो गया और इसका संदेश चालक तक पहुंच गया।
घटना के बाद चालक ने तत्काल ट्रेन को रोक दिया। इसके बाद कई यात्री कोच से कूदने लगे। इसमें रिंकी समेत दो महिलाओं के चोटिल होने की सूचना है। वहीं, कुछ महिलाओं के साथ चेन स्नेचिंग की भी चर्चा सामने आई।
ट्रेन में ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने निरीक्षण किया और सब कुछ सामान्य पाए जाने के बाद ट्रेन रवाना हुई। बताया गया कि एक कोच के करीब एक दर्जन से अधिक यात्री ट्रेन में दोबारा सवार नहीं हो पाए। वे हाईवे पर पहुंच गए और वहां से कुछ यात्री निजी वाहनों से बहजोई और चंदौसी के लिए रवाना हो गए।

यात्रियों ने पकड़ा संदिग्ध व्यक्ति
इधर, चलती ट्रेन में यात्रियों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया और उसे पुलिस के सुपुर्द करने के लिए अपने पास बैठा लिया। बाद में उसे आरपीएफ के हवाले कर दिया गया। उसने अपना नाम राजू निवासी अलीगढ़ बताया। उसका कहना था कि वह फायर एक्सटिंग्विशर को बंद करने का प्रयास कर रहा था, लेकिन वह चल गया।
ट्रेन धनारी रेलवे स्टेशन से दोपहर 2:05 बजे चली थी और 2:08 मिनट पर घटना हो गई। करीब 20 मिनट तक ट्रेन खड़ी रहने के बाद 2:28 मिनट पर ट्रेन को रवाना किया गया। धनारी के स्टेशन मास्टर ने बताया कि घटना का मेमो चंदौसी को दिया गया है।
चंदौसी के आरपीएफ थाना प्रभारी गोपाल कुमार ने बताया कि किसी व्यक्ति ने फायर एक्सटिंग्विशर खोल दिया था, जिसकी वजह से ट्रेन रुकी थी। कुछ समय बाद ट्रेन रवाना हो गई। आरपीएफ ने संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
फायर एक्सटिंग्विशर क्या है?
फायर एक्सटिंग्विशर को हिंदी में अग्निशामक यंत्र कहते हैं। सामान्यत: आग की घटना के दौरान आक्सीजन की सप्लाई रोकने के लिए कार्बन डाइआक्साइड गैस वाले इस यंत्र का उपयोग आग बुझाने के लिए किया जाता है।
हालांकि, ट्रेन के कोच में सामान्यतः एबीसी ड्राई केमिकल पाउडर वाला अग्निशामक यंत्र होता है। इसमें पाउडर को बाहर निकालने के लिए दबाव वाली नाइट्रोजन गैस भरी होती है। एबीसी पाउडर आग की लपटों को नियंत्रित कर उसे बुझाने में मदद करता है।
