माइक्रो लोक अदालत में किया गया 167 वादों का निस्तारण
सम्भल उत्तर प्रदेश विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से मुंसिफी न्यायालय में माइक्रो लोक अदालत का आयोजन किया गया।
सम्भल: उत्तर प्रदेश विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से मुंसिफी न्यायालय में माइक्रो लोक अदालत का आयोजन किया गया। जहां पर कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए 167 वादों का निस्तारण किया गया। इतना ही नहीं इन वादों के निस्तारण में 3,21,760 रुपये का अर्थदंड वसूला गया।
आम जन को सस्ता व सुलभ न्याय दिलवाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से रविवार को माइक्रो लोक अदालत का आयोजन मुंसिफी न्यायालय परिसर में किया गया। इस लोक अदालत के लिए 757 वादों को नियत किया गया था। इन वादों में आबकारी अधिनियम, जुआ, लॉकडाउन का उल्लंघन, एमवी एक्ट, 34 पुलिस एक्ट समेत कई अन्य वादों की सुनवाई की गई। मामलों की सुनवाई करते हुए न्यायिक मजिस्ट्रेट अर्जुन डबास ने 167 वादों का निस्तारण किया। इसमें सबसे अधिक 34 पुलिस एक्ट के वादों का निस्तारण मौके पर कर दिया गया। इस माइक्रो लोक अदालत के आयोजन के दौरान कोरोना गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन कराया गया। शारीरिक दूरी का पालन करते हुए सभी लोग मास्क लगाए हुए थे। वादों के निस्तारण के दौरान मौके पर 3,21,760 रुपये का अर्थदंड वसूला गया।