सीएए के विरोध में धरना जारी, पक्ष में भजन-कीर्तन
एनआरसी और सीएए के सर्मथन में चल रहा महिलाओं का भजन कीर्तन चौथे दिन भी जारी रहा। महिलाओं के बीच पहुंची सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता फरहा फैज ने महिलाओं के बीच पहुंच उन्हें अपना सर्मथन दिया। महिलाओं ने सीएए और एनआरसी के सर्मथन में जमकर नारेबाजी की।
सहारनपुर जेएनएन। सीएए, एनपीआर और संभावित एनआरसी के विरोध में नगर के ईदगाह मैदान में चल रहे देवबंद सत्याग्रह में 17वें दिन बुधवार को भी महिलाएं डटी रहीं। महिलाओं ने सीएए को काला कानून बताते हुए इसकी समाप्ति तक धरना प्रदर्शन जारी रखने का संकल्प दोहराया। मुत्ताहिदा ख्वातीन कमेटी देवबंद के बैनर तले चल रहे धरना प्रदर्शन में बुधवार को बड़ी संख्या में महिलाएं तिरंगा हाथ में लेकर धरना स्थल पर पहुंचीं। उधर, एनआरसी और सीएए के समर्थन में चल रहा महिलाओं का भजन-कीर्तन चौथे दिन भी जारी रहा। महिलाओं के बीच पहुंचीं सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता फरहा फैज ने उन्हें अपना समर्थन दिया। महिलाओं ने सीएए और एनआरसी के सर्मथन में जमकर नारेबाजी की।
---
काला कानून बताया
धरने के 17वें दिन निगहत और उजमा ने संबोधित करते हुए कहा कि हमारा संविधान धार्मिक भेदभाव की इजाजत नहीं देता। इस कानून में छह धर्मो के नाम तो शामिल किए गए परंतु मुसलमानों को छोड़ दिया गया। देश के संविधान के साथ यह छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नजमा और जैनब ने कहा कि सरकार के गलत फैसलों और काले कानून के खिलाफ आज देश के हर कोने से आवाजें उठ रही हैं। कमेटी द्वारा 15 फुट ऊंचा देवबंद सत्याग्रह का बोर्ड और 30 फुट ऊंची संविधान की किताब का फ्लैक्स लगवाया गया है। मंगलवार रात डिटेंशन सेंटर का मॉडल भी ईदगाह मैदान में लगवाया गया।
---------
सीएए देशहित में : फरहा फैज
एनआरसी और सीएए के समर्थन में चल रहे भजन-कीर्तन के दौरान महिलाओं के बीच पहुंचीं अधिवक्ता फरहा फैज ने कहा कि सीएए देश हित में है। उन्होंने कहा कि सीएए देश के मुस्लिम समाज के खिलाफ नहीं है। इस कानून से किसी भी भारतीय मुस्लिम की नागरिकता पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि देश के मुट्ठी भर लोगों ने मुस्लिम समाज के अंदर सीएए का डर पैदा कर उन्हें भ्रमित करने का काम किया है। संयोजिका डॉली गोयल ने कहा कि जब तक सीएए के विरोध में महिलाओं का धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा तब तक वह भी भजन कीर्तन कर सीएए का समर्थन करती रहेंगी। पूनम पुंडीर और ज्ञानेश देवी ने कहा कि विश्व में भारत की छवि खराब करने की साजिश रचने वाले लोगों को माफ नहीं किया जाएगा। शुभलेश शर्मा, पुष्पा गुप्ता, उषा यादव, ममता शर्मा, मीना, बिमला, सुषमा त्यागी, स्नेहा टंडन, शशि प्रभा, सरोज, नीलम, सावेज मौजूद रहे।