सतपुरा पटाखा फैक्ट्री में हुए अग्निकांड में घायल दूसरी महिला की भी हुई मौत
बिहारीगढ़ क्षेत्र के गांव सतपुरा के पास 30 अक्टूबर को पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण अग्निकांड में घायल हुई दूसरी महिला की भी मौत हो गई।
सहारनपुर, जेएनएन। बिहारीगढ़ क्षेत्र के गांव सतपुरा के पास 30 अक्टूबर को पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण
अग्निकांड में घायल हुई दूसरी महिला की भी मौत हो गई।
क्षेत्र के गांव सतपुरा के पास पटाखा फैक्ट्री में हुए अचानक आग लगने से तीन महिलाओं सहित 10 मजदूर घायल हो गए थे। हादसे में मांगी व पूनम गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। जिनका हरियाणा के मौलाना अस्पताल में इलाज चल रहा था। मांगी पत्नी पिकू निवासी अब्दुल्लापुर आठ नवंबर को मौत हो गई थी। पूनम पत्नी गोवर्धन निवासी सतपुरा की उपचार के दौरान सोमवार की सुबह मौत हो गई। सूचना के बाद थाना पुलिस शव का पंचनामा भरने के लिये मौके पर पहुंची। सोमवार को देर शाम पूनम के शव को परिवार के लोग गांव लेकर पहुंचे जहां परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। पूनम के परिवार में पति व 15 वर्षीय बेटा है। थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने बताया कि श्रम विभाग की टीम भी गांव पहुंची थी। श्रम अधिकारी कृपा शंकर ने पीड़ित परिवार को 736860 रुपये का मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। -अचानक लगी आग में पशुशाला व भूसा जला
थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव बड़कला में सोमवार की शाम एक पशुशाला के छप्पर में अचानक आग लग गई। फायर बिग्रेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। पीड़ित रोहताश पुत्र प्रेम सिंह ने छप्पर की पशुशाला में ही उसने एक ओर भूसा भर रखा था। अचानक छप्पर में आग लग गई। जब तक उसने शोर मचाया और लोग दौड़े तब तक पशुशाला में बंधी दो गाय लपटों से घिर गई। ग्रामीणों की भीड़ ने बड़ी मुश्किल से गायों को सुरक्षित निकाला। पुलिस को सूचना दी तो पुलिस के साथ फायर बिग्रेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। उसका करीब 12 हजार रुपये का भूसा जलकर राख हो गया है।