प्रधान पर विकास कार्यों में लापरवाही का आरोप
क्षेत्र के ग्राम बहलोलपुर के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल व मंडलायुक्त को भेजे शिकायती पत्र मे ग्राम प्रधान पर गांव विकास कार्यो मे लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर ग्राम प्र
सहारनपुर जेएनएन। क्षेत्र के ग्राम बहलोलपुर के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल व मंडलायुक्त को भेजे शिकायती पत्र में ग्राम प्रधान पर गांव विकास कार्यो मे लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर ग्राम प्रधान के विकास कार्यो की जांच कराये जाने की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।
ग्राम बहलोलपुर निवासी ब्रिजेश व सुशील कुमार ने मुख्यमंत्री पोर्टल व कमिश्नर सहारनपुर को दिये शिकायती पत्र मे आरोप लगाया कि जब से बहलोलपुर ग्राम सभा का गठन हुआ है। तभी से लेकर गांव के किसी भी तरह का विकास कार्य ग्राम प्रधान के द्वारा नही कराया गया है। गांव मे गंदगी के अंबार लगे पड़े हैं। सड़कें दयनीय हालत में है। गांव मे लोगों को मनरेगा के तहत रोजगार उपलब्ध नही कराया जा रहा है, जबकि ग्रामीणों की बजाय ग्राम प्रधान व ग्राम सचिव की मिलीभगत से प्रधान के परिवार की महिलाओं के ही जॉब कार्ड बनवा दिये हैं, जिसमें मनरेगा के तहत होने वाले कार्यो मे महिलाओं को बगैर कार्य मेहनताना दिया जा रहा है। आरोप है, कि गांव मे श्मशान घाट पर पक्का कार्य दिखाया गया है। इससें अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कार्य तक नही कराया गया है। गांव की जल निकासी की व्यवस्था न हो पाने से नालियों में कीचड़ भरा है जिससे गंदगी से बीमारियों का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों मे रणधीर सिंह, जोगेन्द्र, सत्यपाल, ग्राम पचांयत सदस्य पहलसिंह, गुलाब कश्यप, आकाश कुमार आदि ने ग्राम पंचायत अधिकारी व ग्राम प्रधान से नाराज होकर गांव में उनके विरूद्व नारेबाजी कर उच्चाधिकारियों से विकास कार्यो की जांच कराये जाने की मांग की है। ग्राम प्रधान रामसिंह का कहना है,कि आरोप निराधार है विकास कार्यो मे धांधली नही की गई है।