विजिलेंस ने 12 घंटे तक आइपीएस की कोठी खंगाली
जागरण संवाददाता, सहारनपुर : आय से अधिक संपत्ति व शराब माफिया से संबंध का राजफाश होने
जागरण संवाददाता, सहारनपुर :
आय से अधिक संपत्ति व शराब माफिया से संबंध का राजफाश होने पर यहां पहुंची बिहार विजिलेंस की टीम 12 घंटे तक आइपीएस विवेक कुमार की कोठी को खंगालती रही। सूत्रों का दावा है कि विजिलेंस टीम यहां से प्रापर्टी के दस्तावेज, कंप्यूटर की हार्डडिस्क आदि कई अहम दस्तावेज ले गई। हालांकि आधिकारिक तौर पर इन बातों की पुष्टि करने को कोई तैयार नहीं है।
2007 बैच के आइपीएस विवेक कुमार वर्तमान में बिहार के मुजफ्फरपुर में एसएसपी पद पर तैनात हैं। उन पर आय से अधिक संपत्ति का आरोप लगने के बाद विजिलेंस बिहार की टीम ने मुजफ्फरपुर में उनके सरकारी आवास पर छापेमारी की थी। साथ ही सहारनपुर में वरुण विहार स्थित विवेक के पिता प्रकाश चंद्र की कोठी पर सोमवार दोपहर 12 बजे सीओ विजिलेंस रहमान ने टीम के साथ डेरा डाल दिया था, लेकिन विवेक कुमार के माता-पिता गुरुग्राम (हरियाणा) बाहर गए हुए थे। वह रात साढ़े आठ बजे घर लौटे। इसके बाद उनके घर की तलाशी शुरू हुई जो मंगलवार सुबह साढे़ आठ बजे तक चली।
आइपीएस विवेक कुमार के पिता प्रकाश चंद्र का कहना है कि उनका बेटा ईमानदार है। पिछले दो वर्ष के दौरान वह जिस जिले में भी तैनात रहा, उसने वहां माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। इसलिए विवेक को साजिश के तहत फंसाने की कोशिश की जा रही है। 12 घंटे की छानबीन के बावजूद विजिलेंस टीम उनके आवास से गैरकानूनी कुछ भी सामान बरामद नहीं कर सकी है।