UP में ग्राम पंचायतों के पास 50 लाख का इनाम जीतने का मौका, आवेदन प्रक्रिया शुरू
ग्राम पंचायतों को उत्कृष्ट कार्यों के लिए मुख्यमंत्री 10 विशेष पुरस्कार योजना के तहत 50 लाख रुपये का इनाम जीतने ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
नवाचार, स्वच्छता, डिजिटल सेवाओं पर आधारित होगा मूल्यांकन।
आवेदन प्रक्रिया 15 सितंबर से 30 सितंबर तक चलेगी।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। गांवों में बेहतर काम करने वाली ग्राम पंचायतों को अब उनके उत्कृष्ट कार्यों का पुरस्कार मिल सकता है। पंचायतीराज विभाग ने मुख्यमंत्री 10 विशेष पुरस्कार समग्र इच्छुक एवं पात्र ग्राम पंचायतें योजना के तहत प्रदेश की उत्कृष्ट ग्राम पंचायतों से आवेदन मांगे हैं। चयनित 10 ग्राम पंचायतों को 50-50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया 15 सितंबर से शुरू होकर 30 सितंबर तक चलेगी।
यह पुरस्कार केवल सामान्य विकास कार्यों के आधार पर नहीं, बल्कि पंचायतों के नवाचार, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल सेवाओं और आर्थिक आत्मनिर्भरता जैसे कार्यों के मूल्यांकन के बाद दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्राम पंचायतों को लिए प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री 10 विशेष पुरस्कार योजना लागू की है।इन श्रेणियों को पूरा करने वाली ग्राम पंचायतें ही आवेदन कर पायेंगी। पुरस्कार की धनराशि से जिन ग्राम पंचायतों ने कोई ऐसा काम किया, जिससे गांव के लोगों को लाभ मिला और ग्राम पंचायत की आय बढ़ी है तो उन पंचायतों को अब विशेष पुरस्कार दिया जाएगा।
वर्ष 2025-26 में मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार प्राप्त करने वाली ग्राम पंचायतों के लिए मुख्यमंत्री विशेष पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार की योजना शुरू की गई है। जिन ग्राम पंचायतों को पुरस्कार मिला है, वह इस विशेष पुरस्कार के लिए आवेदन करेंगी। आवेदन के लिए 10 बिन्दु निर्धारित किए गए हैं। इसमें:
- घर-घर से कचरा एकत्र करने वाली ग्राम पंचायत
- स्वयं की आय सृजित करने वाली ग्राम पंचायत
- सीएससी के माध्यम से लोगों को सुविधाएं देने वाली ग्राम पंचायत
- मेरा तालाब मेरी योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायत
- आधार केंद्र से सेवाएं देने वाली ग्राम पंचायत
- तरल अपशिष्ट प्रबंधन
- प्लास्टिक मुक्त ग्राम पंचायत
- पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता संवर्धन करने वाली ग्राम पंचायत
- महिला नेतृत्व एवं सहभागिता में उत्कृष्ट ग्राम पंचायत
- सर्वाधिक जैविक कृषि करने वाली ग्राम पंचायत
इनमें से जिस क्षेत्र में अगर किसी ग्राम पंचायत ने काम किया है तो वह विशेष पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकती है।
ग्राम पंचायतों को सीएम अवार्ड पोर्टल पर आवेदन करना होगा। जिला पंचायत राज अधिकारी प्रदीप कुमार द्विवेदी ने बताया कि मुख्यमंत्री विशेष पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार के लिए आवेदन मांग गया है। इसमें चयनित ग्राम पंचायतों को 50 लाख रुपये पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे।
