विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किसानों के लिए खुशखबरी! छह लाख तक का कृषि ऋण मात्र छह प्रतिशत ब्याज दर पर... यह है योजना

By Deepak Prajapati Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 25 Oct 2026 05:27 PM (IST)

उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक की कृषक समृद्धि योजना के तहत लघु एवं सीमांत किसानों को छह लाख रुपये ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. छह लाख तक का दीर्घकालीन कृषि ऋण उपलब्ध।

  2. मात्र छह प्रतिशत प्रभावी ब्याज दर पर मिलेगा।

  3. लघु-सीमांत किसानों को मिलेगा योजना का लाभ।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। खेती-किसानी में पूंजी की कमी से जूझ रहे लघु एवं सीमांत किसानों के लिए राहत की पहल की गई है। अब पात्र किसानों को कृषि एवं इससे जुड़ी गतिविधियों के लिए छह लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण छह फीसद की प्रभावी ब्याज दर पर मिल सकेगा।

उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक की ओर से संचालित कृषक समृद्धि योजना का उद्देश्य किसानों को रियायती दर पर कर्ज उपलब्ध कराकर खेती में निवेश बढ़ाना और उनकी आमदनी में सुधार करना है। योजना से किसानों को खेती की जरूरतों के लिए आर्थिक मदद मिलने के साथ कृषि कार्यों को मजबूत बनाने का अवसर मिलेगा।

खेती में बेहतर उत्पादन के लिए समय पर पूंजी की उपलब्धता बेहद जरूरी होती है। कृषि उपकरणों, सिंचाई और अन्य कृषि संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए किसानों को अक्सर कर्ज का सहारा लेना पड़ता है। ऐसे में अधिक ब्याज दर पर ऋण लेने से उनकी आर्थिक स्थिति पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है।

कृषक समृद्धि योजना के तहत रियायती ब्याज दर पर दीर्घकालीन ऋण उपलब्ध कराने की पहल किसानों के लिए मददगार साबित हो सकती है। इससे पात्र किसान अपनी कृषि जरूरतों और इससे जुड़ी गतिविधियों में निवेश की योजना बना सकेंगे। एआर कोआपरेटिव रजनीश सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक की ओर से लघु एवं सीमांत किसानों के लिए कृषक समृद्धि योजना लागू की गई है।

योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को अधिकतम छह लाख रुपये तक ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। ऋण पर प्रभावी ब्याज दर छह फीसद निर्धारित होने से किसानों को अपेक्षाकृत कम लागत पर पूंजी उपलब्ध कराने का उद्देश्य है। इससे कृषि कार्यों के विस्तार और उत्पादकता बढ़ाने में सहायता मिलने की उम्मीद है।

योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को आवेदन के साथ जरूरी अभिलेख उपलब्ध कराने होंगे। इनमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक खाते का विवरण, खतौनी और निवास प्रमाण पत्र समेत अन्य आवश्यक दस्तावेज शामिल हैं। किसानों को आवेदन करने से पहले अपने दस्तावेज पूरे रखने चाहिए, ताकि प्रक्रिया में अनावश्यक परेशानी न हो।