जवान की प्रतिमा का किया अनावरण
अंबेहटा में ग्राम जैनपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में सेना के एक जवान की प्रतिमा का बृहस्पतिवार को अनावरण किया गया है।
सहारनपुर, जेएनएन। अंबेहटा में ग्राम जैनपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में सेना के एक जवान की प्रतिमा का बृहस्पतिवार को अनावरण किया गया है।
गौरतलब है कि बीएसएफ-113एफ बटालियन के जवान आदेश कुमार का एक वर्ष पूर्व ब्रेन हेमरेज के कारण निधन हो गया था। उस समय जवान मणिपुर में तैनात था। मूर्ति का अनावरण उपजिलाधिकारी नकुड़ देवेंद्र कुमार पांडे, नवीन खटाना, भाजपा नेता चौधरी राज सिंह माजरा, पूर्व विधायक डा. सुशील चौधरी व भाजपा नेता शिव कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि मुख्य अतिथि नवीन खटाना ने कहा कि शहीद की कोई जाति व धर्म नहीं होता। वे माता पिता पूजनीय हैं जो देश की सेवा में अपने बच्चों को भेजते हैं। नवीन खटाना ने आदेश कुमार के नाम पर गांव में अपने खर्च पर स्मृति द्वार बनवाने व आदेश की पुत्री का शिक्षा का खर्च उठाने की घोषणा की। एसडीएम नकुड़ देवेंद्र कुमार पांडे ने कहा कि सीमा पर तैनात जवानों के कारण ही हम चैन की नींद सोते हैं। कार्यक्रम को पूर्व विधायक डाक्टर सुशील चौधरी, भाजपा नेता चौधरी राज सिंह माजरा, भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक शिव कुमार गुप्ता, खंड शिक्षा अधिकारी शिवम गुप्ता तथा केएलजीएम इंटर कालेज नकुड़ के प्रधानाचार्य राकेश कुमार गुप्ता ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा के नकुड़ विधानसभा प्रभारी चौधरी जगपाल दास गुर्जर की व संचालन मान सिंह वर्मा ने किया। कार्यक्रम मे उपस्थित अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। इस दौरान मास्टर वीर सिंह भाजपा के नकुड़ देहात मंडल अध्यक्ष सुभाष चौधरी, राकेश कुमार, अजय कुमार, ग्राम प्रधान सविद्र कुमार, जितेंद्र सिरोही, विनोद, एडवोकेट रणवीर सिंह, सिताब सिंह, कमलेश सिंह, अमरीश कुमार आदि मौजूद रहे।