आत्मदाह प्रकरण में विधायक के पक्ष में उतरी शिवानी
देवबंद के विधायक आवास पर मिट्टी का तेल छिड़क आत्मदाह का प्रयास करने के मामले में शनिवार शाम दूसरे पक्ष से शिवानी त्यागी ने मीडिया के सामने आकर जिपं सदस्य एवं भाजपा नेता शशि त्यागी पर आरोप लगाए।
सहारनपुर, जेएनएन। देवबंद के विधायक आवास पर मिट्टी का तेल छिड़क आत्मदाह का प्रयास करने के मामले में शनिवार शाम दूसरे पक्ष से शिवानी त्यागी ने मीडिया के सामने आकर जिपं सदस्य एवं भाजपा नेता शशि त्यागी पर आरोप लगाए। कहा कि विधायक का मामले से कोई सरोकार नहीं है।
शनिवार को डाक बंगले में पत्रकारों से वार्ता करते हुए गांव अंबेहटा की रहने वाली शिवानी त्यागी ने बताया कि देवबंद विधायक कुंवर बृजेश सिंह को पूरे प्रकरण में बेवजह घसीटा जा रहा है। उन्होंने मदद की गुहार लगाई तो जनप्रतिनिधि होने के नाते विधायक ने उनकी मदद की। वहीं उन्होंने आरोप लगाया कि शशि ने उन्हें सीओ कार्यालय के आगे रोका और दर्ज मुकदमे को वापस लेने का दबाव बनाया। इसके लिए 20 लाख रुपये तक की पेशकश की गई है। कहा कि बात नहीं मानने पर शशि ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी है। आरोप लगाया कि वह लगातार उसके व उसके परिवार का शोषण कर रही है। शिवानी ने शशि से जान का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। इस मौके पर अरिवंद त्यागी, पप्पू त्यागी, दिनेश त्यागी, सचिन त्यागी, टीकू त्यागी, काके त्यागी आदि रहे।
---
प्रेस वार्ता के दौरान पहुंची पुलिस को देख पीड़िता हुई भौचक
शनिवार को डाक बंगले पर शिवानी त्यागी जब पत्रकारवार्ता कर रही थी तभी अचानक फोर्स के साथ इंस्पेक्टर आनंद देव मिश्र व खुफिया विभाग की टीम भी पहुंच गई। प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस वहीं मुस्तैद रही। सूत्र बताते हैं कि पुलिस को सूचना मिली थी की प्रेस वार्ता के दौरान पीड़िता शिवानी त्यागी आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर कोतवाली पहुंचकर धरने पर बैठ सकती हैं।
---
शशि त्यागी के विरोध में उतरा त्यागी समाज
त्यागी सभा देवबंद की बैठक में भाजपा नेता शशि त्यागी की निदा की गई। विवेक त्यागी ने कहा कि क्षेत्रीय विधायक के आवास पर ड्रामा करने का कोई औचित्य ही नहीं है। कहा कि त्यागी समाज के लोगों को दोनों पक्षों से वार्ता करे मामले का निपटारा कराना चाहिए। विकास त्यागी ने लोगों को संयम बरतने की अपील की। विपिन त्यागी, अमरीश त्यागी, राकेश त्यागी, मुकेश त्यागी, योगेश त्यागी, राजीव त्यागी, मनोज त्यागी, सतेंद्र त्यागी आदि रहे।