दिन भर खिली धूप ने ठंड से दिलाई राहत
कई दिन के बाद शुक्रवार को सूर्यदेव के दर्शन हुए। सुबह कोहरा न होने के कारण सड़कों पर वाहनों का आवागमन निर्बाध रूप से जारी रहा। दिन में निकली धूप ने लोगों को ठंड से राहत दिलाई।
सहारनपुर, जागरण संवाददाता। कई दिन के बाद शुक्रवार को सूर्यदेव के दर्शन हुए। सुबह कोहरा न होने के कारण सड़कों पर वाहनों का आवागमन निर्बाध रूप से जारी रहा। दिन में निकली धूप ने लोगों को ठंड से राहत दिलाई। शाम होते ही ठंड ने फिर अपना असर दिखाया। राहगीर कई स्थानों पर अलाव से बचाव करते नजर आए।
शुक्रवार की सुबह का आगाज साफ मौसम से हुआ। सुबह सैर को निकले लोगों ने कोहरा न होने से राहत महसूस की। दिन चढ़ने के साथ ही सूर्यदेव ने भी दर्शन दिए और कुछ ही देर में धूप की गर्माहट ने लोगों को ठंड के कहर से मुक्ति दिलाई। वृद्धों और बच्चों ने धूप निकलने पर ठंड से खासी राहत पाई। दोपहर तक लोगों ने धूप का आनंद लिया। शाम होते ही ठंड ने फिर अपना असर दिखाया। बाजारों में भी ठंड का असर साफ दिखाई दिया। राजकीय मौसम वेधशाला मुजफ्फराबाद के प्रभारी उमेश कुमार के अनुसार न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री तथा अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञानी डा. उदय प्रताप शाही ने बताया कि फिर से सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ से एक बार फिर उत्तर पश्चिम के जिलों मे बारिश की संभावना बन रही है। 22, 23 व 24 जनवरी को सहारनपुर सहित वेस्ट यूपी के लगभग सभी जिलों में हल्के से मध्यम बारिश का अनुमान है। 23 व 24 में कुछ स्थानों पर ओला पड़ने के भी आसार है। अभी एक सप्ताह ओर ठंड से राहत मिलने के आसार नही है।