प्रदेश में मिसाल: नगर निगम ने किए आठ लाख भोजन पैकेट वितरित
नगर निगम द्वारा लॉकडाउन के दौरान विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से गरीबों एवं जरुरतमंदों को लगातार दो महीने तक भोजन पहुंचाने की व्यवस्था को आज विराम दे दिया गया।
सहारनपुर, जेएनएन। नगर निगम द्वारा लॉकडाउन के दौरान विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से गरीबों एवं जरुरतमंदों को लगातार दो महीने तक भोजन पहुंचाने की व्यवस्था को आज विराम दे दिया गया। इस दौरान दर्जनों संस्थाओं और दानदाताओं के सहयोग से निगम द्वारा करीब आठ लाख भोजन के पैकेट असहायों एवं जरुरतमंदों के बीच वितरित कराए गए।
मेयर संजीव वालिया और नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने पत्रकारों को उक्त जानकारी देते हुए कहा कि आज सहारनपुर पूरे प्रदेश में एक मिसाल के रुप में चर्चा में है। चाहे वह सफाई व्यवस्था हो, टेली मेडिसिन हो या भोजन वितरण, सभी क्षेत्रों में नगर निगम ने नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने बताया कि 27 मार्च ते नगर निगम द्वारा विभिन्न संस्थाओं द्वारा संचालित सामुदायिक रसोईयों के सहयोग से जरुरतमंदों के बीच भोजन वितरण का कार्य शुरू किया गया था। मेयर संजीव वालिया ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान राधा स्वामी सत्संग भवन पिलखनी द्वारा एक लाख 46 हजार, प्रभुजी की रसोई द्वारा एक लाख 28 हजार, आईटीसी द्वारा करीब साढे 78 हजार, आईटीसी के सहयोग से संचालित सामुदायिक केंद्र हकीकत नगर द्वारा करीब 70 हजार, शिवधाम द्वारा करीब 69 हजार, हेल्पिग हैंड्स यूनिट द्वारा करीब 28 हजार, बाजोरिया कालेज प्रबंध समिति द्वारा लगभग 27 हजार, सावन कृपाल आश्रम द्वारा साढ़े बाइस हजार, एसडीए द्वारा 15 हजार, स्टार पेपर मिल द्वारा साढ़े 13 हजार, गुरुद्वारा रेलवे रोड द्वारा लगभग 10 हजार भोजन के पैकेट नगर निगम को उपलब्ध कराए गए।
उन्होंने सहयोगी सभी संस्थाओं व दानदाताओं के अलावा भोजन वितरण में लगे सभी पार्षदों, समाजसेवियों, संस्थाओं तथा सहयोग के लिए मीडिया का भी आभार व्यक्त किया। प्रभु जी रसोई बनेगी आधुनिक सहारनपुर : नगर निगम के सहयोग से संचालित प्रभु जी की रसोई को अत्याधुनिक बनाया जाएगा। स्मार्ट सिटी के तहत इसके लिए पचास लाख रुपये की व्यवस्था की जाएगी। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने आज यहां मेयर संजीव वालिया के साथ पत्रकारों से वार्ता करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रभु जी की रसोई द्वारा गरीबों एवं असहायों को लगातार वर्षों से हर रोज भोजन वितरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रभु जी की रसोई को आधुनिक बनाने के लिए स्मार्ट सिटी के तहत पचास लाख रुपये का प्रावधान रखा गया है। इसमें आटा गूंथने व रोटी बनाने की मशीनों आदि की व्यवस्था की जाएगी। इस अवसर पर पार्षद आशुतोष सहगल भी मौजूद रहे।