आवारा कुत्ते ने बालक को काटकर किया घायल
खूंखार कुत्ते ने एक बालक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। उधर रेबीज के लक्षण के चलते एक गाय की मौत हो गई। क्षेत्र में कुत्तों ने आतंक मचाया हुआ है। आए दिन कहीं न कहीं खूंखार कुत्तों के काटने की घटनाएं आम बात हो गई है।
सहारनपुर जेएनएन। खूंखार कुत्ते ने एक बालक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। उधर रेबीज के लक्षण के चलते एक गाय की मौत हो गई। क्षेत्र में कुत्तों ने आतंक मचाया हुआ है। आए दिन कहीं न कहीं खूंखार कुत्तों के काटने की घटनाएं आम बात हो गई है।
मंगलवार सुबह कुत्ते ने गंगोह ब्लॉक के गांव बाढ़ीमाजरा निवासी अरशद के घर में घुसकर आंगन में खेल रहे उसके तीन वर्षीय पुत्र अल्तमश पर हमला कर उसे घायल कर दिया। बच्चे का शोर सुनकर परिजनों ने किसी तरह बालक को कुत्ते से छुड़ाया। बालक को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया जहां उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
उधर गांव बंदाहेड़ी में भी रेबीज के लक्षण के चलते एक गाय की मौत हो गई। गांव निवासी मुकेश कुमार ने बताया कि पंद्रह दिन पूर्व ही उन्होंने किसी व्यक्ति से दुधारू गाय खरीदी थी। दो दिन पूर्व अचानक गाय बीमार हो गई। सोमवार को गाय की हालत बिगड़ने पर उन्होंने पशु चिकित्साधिकारी वीरेंद्र कुमार से संपर्क किया। उन्होंने गाय की हालत देखकर उसमें रेबीज के लक्षण बताए। उपचार के बावजूद शाम को गाय की मौत हो गई। गाय का दूध पीने के कारण पशु चिकित्साधिकारी ने परिवार वालों को रेबीज के इंजेक्शन लगवाने की सलाह दी है। क्षेत्र में कुत्तों के काटने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
एक माह में 100 लोगों को काट चुके कुत्ते
सीएचसी से मिली जानकारी के अनुसार पिछले एक माह में ही करीब 100 लोगों को कुत्ते काट चुके हैं। कुत्तों के काटने के कारण के बारे में पशु चिकित्साधिकारी वीरेंद्र कुमार का कहना है कि कुछ कुत्ते मांसाहारी तो कुछ भूख के कारण काटने लगते हैं। उन्होंने अधिक गर्मी को भी कुत्तों के हिसक होने का कारण बताया।