विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कमिश्नर से मुलाकात से पहले ही सपा नेता हाउस अरेस्ट, मस्जिद पर बुलडोजर कार्रवाई पर प्रशासन से जवाब चाहती है सपा

By Vishva Pratap Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 06 Sep 2026 12:59 PM (IST)

सहारनपुर में अवैध मस्जिद ध्वस्तीकरण मामले पर मंडलायुक्त से मिलने जा रहे सपा नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया गया। ...और पढ़ें

हाउस अरेस्ट के दौरान पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहान के साथ बैठे दारोगा। जागरण

हाउस अरेस्ट के दौरान पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहान के साथ बैठे दारोगा। जागरण

HighLights

  1. सपा नेता सहारनपुर में मस्जिद ध्वस्तीकरण पर जवाब चाहते थे।

  2. मंडलायुक्त से मुलाकात से पहले ही हाउस अरेस्ट किया गया।

  3. प्रशासन ने पहले सील करने का आश्वासन दिया था, फिर गिराया।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। कलक्ट्रेट परिसर में अवैध घोषित की गई मस्जिद के ध्वस्तीकरण मामले को लेकर सपा का प्रतिनिधिमंडल रविवार को मंडलायुक्त से नहीं मिल सका। सपा जिलाध्यक्ष अब्दुल वाहिद ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल में शामिल जनप्रतिनिधियों और सपा नेताओं को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर रखा है। उन्होंने मंडलायुक्त रूपेश कुमार से मिलने के लिए समय मांगा था, लेकिन मंडलायुक्त ने रविवार को मिलने से इन्कार कर दिया और सोमवार को आने के लिए कहा है। सपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि अब प्रतिनिधिमंडल मस्जिद के ध्वस्तीकरण मामले को लेकर सोमवार को मंडलायुक्त से मिलेगा।

कलक्ट्रेट परिसर में अवैध घोषित की गई मस्जिद के ध्वस्तीकरण के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी हाईकमान की ओर से रविवार को 22 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सहारनपुर भेजने की बात की गई थी। प्रतिनिधिमंडल में शामिल सपा नेता रविवार सुबह 11 बजे कमिश्नर से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की जानकारी लेना चाहते थे। सपा जिलाध्यक्ष अब्दुल वाहिद ने बताया कि पुलिस ने प्रतिनिधिमंडल में शामिल सांसद, विधायक और सपा नेताओं को उनके घरों पर ही नजरबंद कर रखा है। उन्होंने सोमवार को मंडलायुक्त से मिलने के लिए समय लिया है।

सपा नेताओं का आरोप है कि चार सितंबर की शाम जिला प्रशासन की ओर से मस्जिद को सील किए जाने का आश्वासन दिया गया था और उसे गिराए जाने की बात नहीं की गई थी। इसके बावजूद अगले दिन शनिवार सुबह बुलडोजर कार्रवाई किए जाने पर पार्टी ने प्रशासन से जवाब मांगने का निर्णय लिया है।

प्रतिनिधिमंडल में विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव, सपा जिलाध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद, महानगर अध्यक्ष हाजी नवाब अंसारी, सांसद हरेन्द्र मलिक व इकरा हसन, राष्ट्रीय महासचिव चौधरी रुद्रसेन, पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान, विधायक अतुल प्रधान, आशु मलिक, उमर अली व रामऔतार सैनी, एमएलसी किरन पाल कश्यप, पूर्व विधायक माविया अली, राष्ट्रीय अध्यक्ष समाजवादी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ राहुल भारती, पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री मांगेराम कश्यप, मुजफ्फरनगर सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी तथा पूर्व मंत्री विनोद तेजियान, शायान मसूद, फैसल सलमानी, अभिषेक उर्फ टिंकू अरोड़ा, ओसामा गाड़ा व काशिफ अल्वी शामिल रहेंगे। प्रतिनिधिमंडल मंडलायुक्त से मुलाकात के बाद पूरे मामले की रिपोर्ट सपा के राष्ट्रीय नेतृत्व को सौंपेगा।