सपा व रालोद नेता नजरबंद, कैराना जाने से रोका
कैराना विधायक नाहिद हसन के जेल भरो आंदोलन में भाग लेने जा रहे सपा व रालोद नेताओं व कार्यकर्ताओं को पुलिस ने धारा 144 का हवाला देकर रोक लिया। इन लोगों को पुलिस ने उनके घरों में ही नजरबंद कर लिया।
सहारनपुर जेएनएन। कैराना विधायक नाहिद हसन के जेल भरो आंदोलन में भाग लेने जा रहे सपा व रालोद नेताओं व कार्यकर्ताओं को पुलिस ने धारा 144 का हवाला देकर रोक लिया। इन लोगों को पुलिस ने उनके घरों में ही नजरबंद कर लिया।
कैराना विधायक द्वारा दो नवंबर को जेल भरो आंदोलन आरंभ करने की घोषणा की गई थी। सोमवार को इस आंदोलन को लेकर पुलिस प्रशासन सुबह से ही अलर्ट मोड पर था। पुलिस ने कैराना जाने वाले नेताओं पर सुबह से ही नजर रखी हुई थी। शामली सीमा पर भी चौकसी बढ़ा दी गई थी। रालोद नेता हाजी सलीम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का एक जत्था कैराना जाने के लिए निकला। पता लगने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई तथा आगे बढ़ रहे नेताओं को धारा 144 का हवाला देते हुए रोक लिया। निरीक्षक विपिन मौर्य के नेतृत्व में गए पुलिस दल ने उन्हें घर पर ही नजरबंद कर दिया। सपा नेता इरफान अलीम को भी इसी तरह रोक लिया गया। कोतवाली प्रभारी यज्ञ दत्त शर्मा ने बताया कि इस समय जनपद में धारा 144 लगी हुई है। बिना अनुमति किसी को भीड़ इकट्ठा नहीं करने दी जाएगी। नजरबंदी पर उन्होने कहा कि अधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।