सामाजिक संस्थाएं जरुरतमंदों की मदद को आ रहीं आगे
देवबंद में कोरोना संकट के बीच सामाजिक संगठन असहाय लोगों की मदद को आगे आ रहे हैं। मंगलवार को भी विभिन्न संगठनों ने जरुरतमंदों को खाद्य सामग्री वितरित की।
सहारनपुर, जेएनएन। देवबंद में कोरोना संकट के बीच सामाजिक संगठन असहाय लोगों की मदद को आगे आ रहे हैं। मंगलवार को भी विभिन्न संगठनों ने जरुरतमंदों को खाद्य सामग्री वितरित की।
मंगलवार को सामाजिक संस्था प्रयास द्वारा भाजपा जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी के नेतृत्व में जरूरतमंदों को खाद्य सामग्री आटा, चावल, चीनी, दाल आदि का वितरण किया गया। इस दौरान डा. महेंद्र सैनी जी ने कहा कि कोरोना से निपटने को सभी बूथ अध्यक्षों को जिम्मेदारी दी गई है कि उनके बूथ में कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए। इसी कड़ी में आईटी विभाग के विधानसभा संयोजक विवेक तायल व सहसंयोजक अंकित जैन ने यह सामग्री अपनी प्रयास संस्था के माध्यम से जरूरतमंदों को उपलब्ध कराई है। भाजपा जिला महामंत्री डा. पवन सवई व जिला मंत्री विपिन भारतीय ने इस प्रयास संस्था के इस पुनीत कार्य की प्रशंसा की। राजेश सिघल, प्रदीप सिघल, आयुष गुप्ता, डा. अमित वशिष्ठ, वैभव अग्रवाल, दीपक सैनी मौजूद रहे।
वहीं, गुरुद्वारा श्री गुरुनानक सभा द्वारा ईदगाह क्षेत्र में जरूरतमंद लोगों को भोजन वितरित किया गया। सभासद प्रतिनिधि स. बालेंद्र सिंह, दिलबाग सिंह उप्पल, श्याम लाल भारती, चंद्रदीप सिंह, बलदीप सिंह मौजूद रहे।