नदी में पानी बढ़ने का खतरा देख श्रद्धालुओं को शाकंभरी मंदिर जाने से रोका; अगले दो दिन कैसा रहेगा सहारनपुर का मौसम?
Saharanpur weather: खराब मौसम के कारण शाकंभरी देवी मेले में श्रद्धालुओं को भूरादेव पर पांच घंटे तक रोका गया, नदी ...और पढ़ें

पुलिस प्रशासन द्वारा शाकंभरी देवी जाने से रोके गए श्रद्धालुओं की भीड़। जागरण
HighLights
खराब मौसम के कारण शाकंभरी मेले में श्रद्धालु 5 घंटे रोके गए।
नदी में पानी बढ़ने के खतरे से प्रशासन ने सतर्कता बरती।
जागरण संवाददाता, बेहट (सहारनपुर)। सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी में चल रहे नवरात्र मेले के पांचवे दिन एक बार फिर मौसम श्रद्धालुओं के लिए मुसीबत बना। सुबह ही आसमान में काली घटा छाने के साथ ही जैसे ही बूंदाबबांदी शुरू हुई, वैसे ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और सुबह आठ बजे भूरादेव से आगे श्रद्धालुओं के मंदिर की ओर जाने पर रोक लगा दी गई और मुख्य मंदिर भी खाली कराकर सभी को सुरक्षित स्थानों पर रहने की चेतावनी प्रसारित कर दी गई।

मौसम के मिजाज को दृष्टिगत रखते हुए शारदीय नवरात्र मेले में पुलिस प्रशासन पहले दिन से ही विशेष सतर्कता बरत रहा है। जहां मंडलायुक्त डा. रूपेश कुमार, डीआईजी अभिषेक सिंह, डीएम अरविंद कुमार चौहान एवं एसएसपी अभिनंदन मेला शुरु होने से पहले ही चल रही तैयारियों के समय से ही व्यवस्थाओं को श्रद्धालुओं की सुरक्षा के अनुरूप कराने में जुट गए थे। मेले के प्रथम दिन भी मौसम खराब हुआ तब भी नदी में पानी आने की आशंका के चलते श्रद्धालुओं को भूरादेव से आगे नहीं जाने दिया था।
हालांकि इसके दूसरे दिन फिर से मेला सामान्य हो गया था। शुक्रवार की सुबह फिर मौसम ने करवट ली ओर बूंदाबांदी शुरु हो गई। मेले में पहले दिन से ही कैंप कर रहे एसडीएम सुबोध कुमार व सीओ शशि प्रकाश शर्मा ने भूरादेव पर श्रद्धालुओं को रोकने की कमान संभाल ली।
सुदूर क्षेत्रों से आए श्रद्धालु शाकंभरी तक जाने पर अड़े थे लेकिन उन्हें समझा बुझाकर नदी में अचानक पानी आने का खतरे के बारे में बताकर रोका गया। लगभग दोपहर 12:30 बजे मौसम साफ होने के बाद ही श्रद्धालुओं को माता शाकंभरी के मंदिर जाने की अनुमति दी गई।
अगले दो दिन कहीं-कहीं हल्की व मध्यम वर्षा की संभावना
सहारनपुर : जिले का मौसम ने गुरुवार को तेजी से रंग बदला। गत एक सप्ताह के दौरान कई बार में हुई करीब 39 एमएम वर्षा व कहीं कहीं ओले गिरने के बाद गुरुवार की सुबह काले घने बादलों व तेज आंधी के साथ वर्षा हुई। इससे जनपद में ठंड का अहसास बढ़ा है। वहीं बड़गांव में बिजली गिरने से विद्युत उपकरण फुंक गए।
मौसम विभाग ने पूर्व में ही गुरुवार को तेज हवाओं व गरज के साथ वर्षा होने की संभावना जता दी थी, हुआ भी ऐसा ही, सुबह पांच बजे पूर्व तेज हवाओं के चलने के साथ ही आसमान पर काले घने बादल छा गए तथा वर्षा आरंभ हो गई। बादल इतने घने की दिन में अंधकार छा गया था तथा वाहन लाइट जला कर निकल रहे थे।
दोपहर 12.30 बजे तक कभी हल्की तो कभी तेज वर्षा जारी रही बाद में बादल छंटने के साथ ही धूप निकल आई जोकि शाम तक खिली रही। उधर दिन के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है, गुरुवार को अधिकतम तापमान जहां 30.0 डिग्री सेल्सियस रहा वहीं न्यूनतम तापमान चौथे दिन भी 26.0 डिग्री सेल्सियस ही रिकार्ड किया गया है। राजकीय मौसम वेधशाला प्रभारी अमीर आलम अगले दो दिन मौसम में उलटफेर जारी रहने तथा कहीं कहीं हल्की व मध्यम वर्षा की संभावना जता रहा है।
