रक्षाबंधन पर्व पर दिखा कोरोना का असर
भाई-बहन के पवित्र प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व सोमवार को नगर व देहात क्षेत्र में उत्साह व हर्षोल्लास से मनाया गया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांध उनकी लंबी आयु की कामना की वहीं भाइयों ने भी बहनों की रक्षा का वचन दिया।
सहारनपुर, जेएनएन। भाई-बहन के पवित्र प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व सोमवार को नगर व देहात क्षेत्र में उत्साह व हर्षोल्लास से मनाया गया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांध उनकी लंबी आयु की कामना की वहीं भाइयों ने भी बहनों की रक्षा का वचन दिया।
सोमवार को आए रक्षाबंधन पर्व पर भी कोरोना का असर नजर आया। बस यात्रा निशुल्क होने के बाद भी सुरक्षा की दृष्टि से दूरदराज रहने वाली अधिकांश बहनों ने अपने निजी वाहनों से ही यात्रा करना मुनासिब समझा। जबकि कुछ बहनों ने भाइयों को कोरियर अथवा डाक से पहले ही राखियां भेजकर अपनी व भाई की सुरक्षा को महत्व दिया। हालांकि नजदीक में रहने वाली बहनें अपने भाइयों के घर राखी बांधने पहुंची। बड़ी बहनों ने जहां रेशम के डोरी के धागों को उनकी कलाई पर बांधा वहीं, छोटी बहनों ने अपने भाइयों की नन्हीं कलाई पर डोरेमोन, टेडी बियर सरीखी मनमोहक राखियां बांधी। रक्षाबंधन के चलते बाजार भी गुलजार बने रहे। एसडीएम राकेश कुमार सिंह व सीओ रजनीश कुमार उपाध्याय ने पुलिस बल के साथ नगर में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में भाजपा महिला मोर्चा मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने शिक्षक नगर में पौधरोपण किया। भाजपा नेता शुभलेश शर्मा, पूर्व नगर महामंत्री मंजू पंवार और बिजेंद्र गुप्ता ने पौधरोपण कर पर्यावरण की सुरक्षा का संकल्प लिया।