सपा प्रदेश सचिव समेत 8 पर मुकदमा; जाम लगाने, CEC के खिलाफ आपत्तिजनक तख्तियां दिखाने और पुलिस से धक्का-मुक्की का आरोप
Saharanpur News: सहारनपुर में आंबेडकर चौक पर प्रदर्शन और सड़क जाम करने के मामले में सपा प्रदेश सचिव रूही अंजुम ...और पढ़ें

HighLights
आठ लोगों को नामजद करते हुए अन्य अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज।
आंबेडकर चौक पर प्रदर्शन, सड़क जाम, आपत्तिजनक तख्तियां दिखाने का आरोप।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। आंबेडकर चौक पर प्रदर्शन कर सड़क जाम करने के मामले में समाजवादी पार्टी की प्रदेश सचिव रूही अंजुम समेत आठ नामजद और अन्य अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ जनकपुरी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
आरोप है कि आठ अक्टूबर को प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने यातायात बाधित किया, चुनाव आयुक्त के खिलाफ आपत्तिजनक तख्तियां दिखाईं और अभद्र नारेबाजी की।
पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और निषेधाज्ञा के उल्लंघन समेत अन्य आरोपों के तहत कार्रवाई की है। वहीं, गुरुवार रात सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट से सभी आठ नामजद आरोपितों को जमानत मिल गई।
जनकपुरी थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार चीमा ने बताया कि आंबेडकर चौक पर सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। बताया कि प्रदर्शन की अनुमति नहीं ली गई थी। आरोप है कि क्षेत्र में लागू भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के प्रतिबंधों के बावजूद प्रदर्शन किया गया।
पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर हटाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। आरोप है कि इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने आपत्तिजनक तख्तियां दिखाने के साथ अभद्र नारेबाजी की और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की। मौके पर महिला उपनिरीक्षक मोनिका यादव भी मौजूद थीं।
प्रकरण में पुलिस ने रूही अंजुम समेत आठ लोगों को नामजद करते हुए अन्य अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं इस मामले में रूही अंजुम ने वोट चोरी के खिलाफ संघर्ष जारी रखने की बात कही है।
उन्होंने हिरासत के दौरान महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं होने का आरोप भी लगाया। पुलिस ने मुकदमे में रूही अंजुम, मीरा कुमारी, जितेंद्र सिंह, बदर, चौधरी कुलदीप, रऊफ, सलमान सिद्दीकी और फुरकान को नामजद किया गया है। गुरुवार की रात सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट ने सभी आठ नामजद आरोपितों को जमानत पर रिहा कर दिया।
