Saharanpur: 50 हजार रुपये के इनामी संग पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने से घायल, हरियाणा का है रहने वाला
Saharanpur News हरियाणा के इनामी बदमाश के साथ मुठभेड़ पैर में गोली लगने से हुआ घायल। बदमाश पर हत्या लूट डकैती दुष्कर्म के एक दर्जन से अधिक मुकदमे यमुनानगर और सहारनपुर में दर्ज है। बदमाश का इलाज जिला अस्पताल में कराया जा रहा है।
सहारनपुर, जागरण संवाददाता। सहारनपुर जिले में सरसावा थाना पुलिस की रविवार की सुबह करीब पांच बजे हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बॉर्डर पर एक इनामी बदमाश से मुठभेड़ हो गई। जिसमें इनामी बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोली लगे बदमाश पर हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई थानों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।
बड़ी वारदात को अंजाम देने आ रहा था
सरसावा थाना प्रभारी सूबे सिंह ने बताया कि शनिवार की सुबह उन्हें सूचना मिली की हरियाणा का एक बदमाश सरसावा थाना क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए आ रहा है। जिसके बाद पुलिस ने हरियाणा और उत्तर प्रदेश की सीमा पर यमुना झरोली के जंगल में घेराबंदी कर ली। जिस समय बदमाश आया तो पुलिस ने उसका पीछा किया। बदमाश ने अपने एक साथी के साथ पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। जबकि दूसरा बदमाश झरौली के जंगल में फरार हो गया।
कई मुकदमे हैं दर्ज
जिस बदमाश के पैर में गोली लगी है, उसकी पहचान मीरहसन निवासी लापरा यमुनानगर हरियाणा के रूप में हुई है। मीरहसन पर सहारनपुर एसएसपी की तरफ से 50 हजार रुपए का इनाम किया हुआ था।