सहारनपुर नगर निगम की पहल! प्रत्येक जोन में स्थापित होंगे जोनल डाग शेल्टर, पशु चिकित्सक व डाग हैंडलर्स की होगी तैनाती
सहारनपुर नगर निगम प्रत्येक जोन में जोनल डॉग शेल्टर स्थापित करेगा, जहाँ आवारा कुत्तों की वैज्ञानिक नसबंदी, टीकाकरण और रेबीज ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
सहारनपुर के प्रत्येक जोन में स्थापित होंगे जोनल डॉग शेल्टर।
आवारा कुत्तों की नसबंदी, टीकाकरण और रेबीज उन्मूलन।
आधुनिक सुविधाओं सहित प्रशिक्षित स्टाफ की भी तैनाती।
जागरण संवादाता, सहारनपुर। नगर निगम सहारनपुर शहर के प्रत्येक जोन में सार्वजनिक स्थानों से पकड़े गए श्वानों के लिए जोनल डाग शेल्टर स्थापित करेगा। नगरायुक्त के निर्देश पर इसके लिए प्रत्येक जोन में भूमि चिह्नित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है और इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
निगम के पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डा. संदीप मिश्रा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशों एवं पशु जन्म नियंत्रण नियम 2023 के अनुपालन में आवारा कुत्तों की वैज्ञानिक विधि से नसबंदी व टीकाकरण, रेबीज उन्मूलन तथा मानव-श्वान संघर्ष को कम करना है, ताकि नागरिकों एवं श्वानों का स्वस्थ सह-अस्तित्व सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि फीडिंग पॉइंट्स का चिन्हांकन रेजीडेंट वेल्फेयर सोसायटी के परामर्श से कुत्तों के टेरिटरी तथा बच्चों व वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ये डाग शेल्टर केवल डाग रखने के केंद्र नहीं होंगे, बल्कि एडब्लूबीआई (एनिमल वेल्फेयर बोर्ड आफ इण्डिया) के माड्यूल के अनुसार आधुनिक सुविधाओं से युक्त होंगे। उन्होंने बताया कि शेल्टर में पर्याप्त केनेल, चिकित्सा कक्ष, पावर बैकअप सहित, बीमार व आक्रामक कुत्तों के लिए अलग क्वारंटाइन एरिया होगा। प्रशिक्षित पशु चिकित्सकों, पैरा-वेट स्टाफ एवं डाग हैंडलर्स की तैनाती की जायेगी और उन्हें जिन्हें एडब्लूबीआई से मान्यता प्राप्त संस्थान से प्रशिक्षण दिया जाएगा। रेबीज ग्रस्त एवं आदतन आक्रामक कुत्तों के लिए आजीवन देखभाल हेतु पृथक शेल्टर होगा।
उन्होंने बताया कि श्वानों को पकड़ने एवं छोड़ने के लिए विशेष रूप से निर्मित मानवीय परिवहन वाहन की व्यवस्था रहेगी। केनेल एवं संपूर्ण परिक्षेत्र में 30 दिन की रिकार्डिंग क्षमता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाये जायेंगे तथा वैज्ञानिक कचरा निस्तारण हेतु इन्सिनरेशन/डीप बरियल की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि नसबंदी, टीकाकरण, भोजन एवं दवाओं का विस्तृत डिजिटल रिकार्ड भी व्यवस्थित ढंग से रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि यह जोनल केंद्र आम नागरिकों और पालतू कुत्तों के लिए डॉग हेल्थ सेंटर के रूप में भी कार्य करेंगे। यहां पालतू कुत्तों का पंजीकरण, टीकाकरण शिविर, भारतीय नस्ल के कुत्तों के लिए निःशुल्क नसबंदी एवं प्रथम टीकाकरण, स्वास्थ्य परामर्श तथा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।
