विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सहारनपुर में पारा 2.0 डिग्री पर पहुंचा, इस सीजन का सबसे ठंडा दिन, घने कोहरे के कारण सड़क व रेल यातायात प्रभावित 

By Praveen Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 14 Jan 2026 07:01 PM (IST)

Saharanpur News : सहारनपुर में भीषण ठंड और कोहरे ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 2.0 ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. कोहरे के कारण ठिठुरन व गलन तेजी से बढ़ी 

  2. मौसम में सुधार के फिलहाल आसार नहीं

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। जिले में कोहरे की भयंकर मार व ठंड बड़ी आफत साबित हो रही है। एक जनवरी से आरंभ हुई बिन बुलाई मुसीबत लोगों की बड़ी परेशानी का सबब बनती जा रही है। गत एक सप्ताह से तापमान में निरंतर गिरावट दर्ज की जा रही है। बुधवार को रात का तापमान डेढ डिग्री की गिरावट के साथ रिकार्ड 2.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने से बुधवार सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा है।

मौसम विभाग कोहरे व ठंड से जल्द राहत नहीं मिलने की संभावना जता रहा है। एक जनवरी से जिले में शुरू हुई कोहरे व सर्दी की मार बढ़ती जा रही है। विगत दिनों की तरह ही बुधवार की सुबह भी भीषण ठंड के साथ घने कोहरे की मार के बीच हुई। गत रात्रि से तनी कोहरे की मोटी चादर पूरा दिन नहीं हटने से सूर्यदेव के दर्शन तक नहीं हो पाए तथा सर्दी व कोहरे की आतंक जारी रहा है।

उधर पारा भी दिनों दिन लुढ़कता जा रहा है। बुधवार को रात का न्यूनतम तापमान गिरकर जहां 2.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं दिन का अधिकतम तापमान भी 3.5 डिग्री की गिरावट के साथ 10.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जोकि पिछले कई वर्षों में सीजन में सबसे कम है। रात के साथ दिन में भी कोहरे की मोटी चादर तनी रहने से ठिठुरन व गलन तेजी से बढ़ी तथा लोगों को सर्दी से बचाव का मार्ग नहीं सूझ रहा है। राजकीय मौसम वेधशाला प्रभारी अमीर आलम सर्दी व कोहरे की मार जारी रहने के साथ ही शीतलहर में तेजी से ठंड बढ़ने की संभावना जता रहे है।

सड़क व रेल यातायात प्रभावित

सर्दी के मौसम में कोहरे की मार के बीच रेल व सड़क यातायात निरंतर प्रभावित चल रहा है। बुधवार को भी लखनऊ-सहारनपुर, जम्मू, अमृतसर तथा दिल्ली व मुंबई मार्ग की आठ ट्रेनें डेढ़ से पांच घंटे देरी से चलने के कारण यात्री परेशान रहे। यह स्थिति तब है जबकि रेलवे ने 16 एक्सप्रेस ट्रेनों को पहले ही तीन माह के लिए कैंसिल रखा हुआ है। उधर रोडवेज बसें भी तकरीबन खाली सी दौड़ती रही है, जिससे परिवहन निगम को खासा नुकसान उठाना पड़ रहा है। सरकारी कार्यालयों में भी भीड़ नहीं के बराबर रही है तथा अधिकारियों से लेकर कर्मचारी तक हीटर पर सर्दी से बचाव करते नजए आए।

इस तरह से लुढ़क रहा पारा

     दिनांक  न्यूनतम  अधिकतम

  • 7 जनवरी 4.5 15.5
  • 8 जनवरी 5.0 16.0
  • 9 जनवरी 4.5 15.5
  • 10 जनवरी 6.0 17.0
  • 11 जनवरी 4.0 12.0
  • 12 जनवरी 3.5 11.5
  • 13 जनवरी 3.5 13.5
  • 14 जनवरी 2.0 10.0 डिग्री सेल्सियस