विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Saharanpur Weather Alert: सहारनपुर में आंधी और भारी बारिश का अलर्ट, प्रशासन ने दिए सुरक्षा के उपाय करने के निर्देश 

By Vishva Pratap Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sat, 26 Sep 2026 06:00 AM (IST)

मौसम विभाग ने सहारनपुर में शनिवार को आंधी-तूफान, आकाशीय बिजली और तेज वर्षा की प्रबल संभावना जताई है। एडीएम वित्त ...और पढ़ें

प्रतीकात्‍मक फोटो

प्रतीकात्‍मक फोटो

HighLights

  1. एडीएम ने द‍िए विभागों को सुरक्षात्मक उपाय करने, टीमें अलर्ट रखने के निर्देश।

  2. जर्जर भवनों, पेड़ों की पहचान, जल निकासी व ब‍िजली सबंधि‍त मरम्मत के आदेश।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। मौसम विभाग की ओर से सहारनपुर में शन‍िवार को आंधी-तूफान, आकाशीय बिजली, तेज वर्षा की प्रबल संभावना जताई गई है। एडीएम वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल ने विभागों को जनता की जान-माल की रक्षा के लिए सुरक्षात्मक उपाय करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आपात टीमों को अलर्ट पर रहने को कहा है।

एडीएम वित्त एवं राजस्व ने बताया कि जनहानि एवं सम्पत्ति की क्षति को न्यूनतम किए जाने के लिए सभी संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक तैयारी करने की जरूरत है। उन्होंने जनपद के समस्त जर्जर भवनों, दीवारों, होर्डिंग्स, विद्युत पोल एवं अन्य असुरक्षित संरचनाओं का चिह्नीकरण कर जरूरी सुरक्षा उपाय कराने के निर्देश दिए। साथ ही आंधी एव तूफान आने की सम्भावना के चलते कमजोर और सूखे पेड़ों को उसे चिह्नित कर नियमानुसार कार्यवाही की जाए।

नगर निकाय एवं ग्राम पंचायत स्तर पर जल निकासी व्यवस्था सुचारू रखे ताकि जलभराव न हों। विद्युत विभाग को विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मरों एवं पोलों की जांच कर मरम्मत कराने तथा आपातकालीन टीमों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग आवश्यक दवाइयों, एम्बुलेंस एवं चिकित्सकीय टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करें तथा आशा व आंगनबाडी के जरिये घर-घर आंधी-तूफान, तेज वर्षा एवं आकाशीय बिजली से बचाव हेतु जागरूक किया पुलिस, अग्निशमन एवं आपदा प्रबन्धन विभाग द्वारा राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखा जाए।

लेखपाल, ब्लाक विकास अधिकारियों के माध्यम से आंधी-तूफान, तेज वर्षा एवं आकाशीय बिजली से बचाव हेतु प्रत्येक ग्राम स्तर पर एवं सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों, बाजारों एवं भीडभाड़ वाले क्षेत्रों में आमजन को लाउडस्पीकर, सोशल मीडिया, पी.ए. सिस्टम एवं अन्य माध्यमों से मौसम संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक करें। आपात स्थिति से निपटने हेतु नियन्त्रण कक्ष एवं हेल्पलाइन को सक्रिय रखें।