सहारनपुर: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का सुनहरा अवसर, सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाने की तारीखें तय
सहारनपुर में 17 और 24 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए विशेष ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों एवं युवा मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने पर रहेगा विशेष जोर।
प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी होगी, जो फार्म भरने और आवेदन प्रक्रिया में सहयोग करेगी।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। जनपद में पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक मतदान केंद्र पर 17 अक्टूबर और 24 अक्टूबर को विशेष कैंप लगाए जाएंगे।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी लवी त्रिपाठी ने बताया कि कैंप के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक अपने मतदान स्थल पर अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे। वे पात्र नागरिकों को पंजीकरण की जानकारी और आवेदन में सहायता देंगे। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए पात्र नागरिक फार्म-6 भर सकते हैं।
आवेदन के साथ नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, जन्मतिथि और निवास के अभिलेखों की स्व-प्रमाणित छायाप्रति तथा परिवार के किसी सदस्य का मतदाता पहचान पत्र लाना होगा। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी होगी, जो फार्म भरने और आवेदन प्रक्रिया में सहयोग करेगी।
उन्होंने बताया कि पात्र नागरिक निर्वाचन आयोग के वोटर सर्विस पोर्टल या वोटर हेल्पलाइन एप के जरिए घर बैठे आनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। उन्होंने नागरिकों, विशेषकर युवाओं, ग्राम प्रधानों और समाज के प्रबुद्धजनों से पात्र लोगों को जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम शामिल होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
23 अक्टूबर को मतदाता कर्मचारियों को मिलेगा विशेष अवकाश
सहारनपुर : उत्तर प्रदेश विधान परिषद के मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत 23 अक्टूबर को मतदान होगा। मतदाता सूची में पंजीकृत पात्र कर्मचारियों को इस दिन मतदान के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश दिया जाएगा।
यह सुविधा सहारनपुर जनपद के सरकारी, अर्धसरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी प्रतिष्ठानों, कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में कार्यरत उन कर्मचारियों के लिए है, जिनके नाम मेरठ खंड स्नातक अथवा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी लवी त्रिपाठी ने क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को आदेश का अनुपालन कराने को कहा है। संबंधित कार्यालयाध्यक्षों, संस्थानों के प्राचार्यों और प्रबंधकों को पात्र कर्मचारियों को अवकाश देने के निर्देश दिए गए हैं।
