विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सहारनपुर में अंपायर ने निगला जहर, डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन पर लगाए गंभीर आरोप; पुलिस को मिला सुसाइड नोट

By Praveen Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 30 Sep 2026 05:36 PM (IST)

सहारनपुर में अंपायर विकास सैनी ने डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन पर वेतन न देने और गलत फैसले के लिए दबाव बनाने ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. एसोसिएशन पर वेतन न देने और प्रताड़ित करने का आरोप।

  2. पुलिस को सुसाइड नोट मिला, मामले की जांच जारी।


संवाद सूत्र, नकुड़ (सहारनपुर)। अंपायर ने सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों पर प्रताड़ित करने व उसके वेतन के पैसे नहीं देने का आरोप लगाते हुए जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। स्वजनों ने युवक अंपायर को गंभीर हालत में मेडिकल कालेज में भर्ती कराया है।

गांव लतीफपुर निवासी विकास सैनी ने सुसाइड नोट में लिखकर बताया कि वह पिछले 12 वर्षों से एसडीसीए के लिए अंपायरिंग कर रहा है। एसोसिएशन पर उसका करीब 90 हजार रुपये बकाया है। अंपायर का आरोप है कि एसोसिएशन से जुड़े लोगों द्वारा उस पर मैच में गलत फैसले देने का दबाव बनाया जाता था।

विरोध करने पर उसे प्रताड़ित किया गया। कुछ दिन पहले उसने सोशल मीडिया पर एसोसिएशन के खिलाफ पोस्ट की थी, जिसके बाद उसके खिलाफ थाना मंडी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। बुधवार सुबह करीब दस बजे वह राहगीरों को लतीफपुर के पास सडक किनारे पडा हुआ मिला तो, उसे पहचान कर उसके स्वजन को इसकी सूचना दी गई।

सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, पुलिस ने बेहोश अंपायर की जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है। इस दौरान उसका छोटा भाई सचिन भी मौके पर पहुंच गया था। पुलिस ने उसे बेहोशी की हालत में सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कालेज में रेफर किया गया। विकास की नाजुक हालत से स्वजन सदमे में हैं।

उधर सीओ जितेंद्र कुमार सिंह ने इस बाबत बताया कि मामले की जांच की जा रही है, अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है,तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन सचिव यशपाल ने बताया कि कुछ दिनों पहले विकास सैनी ने एसोसिएशन के लोगो का गलत इस्तेमाल किया था। इसको लेकर थाना मंडी में मामला पहुंचा था। इसमें समझौता हो गया था। बुधवार को घटा मामला सबके सामने हैं।