सहारनपुर में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार टेंपो की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत
Saharanpur News: नागल में सिडकी-टपरी मार्ग पर एक तेज रफ्तार टेंपो ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
नागल में हुई टेंपो और बाइक की टक्कर।
हादसे के बाद परिवार में कोहराम।
संवाद सूत्र, नागल (सहारनपुर)। सिडकी-टपरी मार्ग पर लाखनोर बिजलीघर के निकट बुधवार रात तेज रफ्तार टेंपो ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार नंदनपुर निवासी विकास (36) और उसके साथी मड़की निवासी राजकुमार (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि विकास दूध का कारोबार करता था। बुधवार रात वह राजकुमार के साथ सहारनपुर से दूध डालकर बाइक से अपने गांव नंदनपुर लौट रहा था। जैसे ही वे लाखनोर बिजलीघर के पास पहुंचे तो सामने से आ रहे टेंपो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में राजकुमार ने दम तोड़ दिया। वहीं विकास की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे मेरठ लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों के परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
बाइक से गिरकर युवक हुआ घायल
नानौता: क्षेत्र के गांव दादनपुर निवासी सुमित मंगलवार की रात्रि लगभग 10 बजे बाइक से नानौता रेलवे स्टेशन से वापस अपने गांव लौट रहा था जब वह दिल्ली मार्ग पर गांव शेखूपुरा से रूहाड़ा पटरी पर गांव बुंदूगढ़ के निकट पहुंचा तो इसी दौरान रास्ते में अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम के साथ थानाध्यक्ष विकास चरण घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने बेसुध सुमित को राहगीरों की मदद से नानौता सीएचसी पहुंचाया जहां पर उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
