चार पुलिसकर्मियों समेत पांच ने किया युवक के अपहरण का प्रयास, क्रिप्टो करेंसी से जुड़ा था युवक
सहारनपुर में चार पुलिसकर्मियों और एक मुखबिर पर क्रिप्टो करेंसी से जुड़े एक युवक के अपहरण के प्रयास का आरोप ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
सहारनपुर में पुलिसकर्मियों और मुखबिर पर अपहरण का आरोप।
क्रिप्टो करेंसी से जुड़े युवक को अगवा करने की कोशिश की गई ।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। शहर में तीन दिन पहले चार पुलिसकर्मियों और मुखबिर पर क्रिप्टो करेंसी से जुड़े युवक के अपहरण के प्रयास का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी समेत पांचों ने मिलकर युवक को अगवा करने की कोशिश की, लेकिन आसपास के लोगों की सतर्कता के चलते मामला बिगड़ गया। लोगों ने घेराबंदी की तो चारों पुलिसकर्मी मोबाइल छीनकर मौके से भाग निकले, जबकि मुखबिर को लोगों ने दबोच लिया।
लोगों ने आरोपित को पुलिस को सौंप दिया था। बाद में आरोपित दो दिन तक कोतवाली मंडी में बंद रहा। बाद में पुलिस ने उसे छोड़ दिया। मामले से जुड़ा एक वीडियो भी प्रसारित हो रहा है, जिसमें मुखबिर के आतंकी कनेक्शन की बात कही जा रही है।
चिलकाना रोड रामलीला भवन के पास ठठेरों वाली गली स्थित जिम से युवक को चार पुलिसकर्मी और मुखबिर जबरन उठाकर ले जाने लगे। युवक ने शोर मचाया, तो आसपास के लोग एकत्रित हो गए। चारों पुलिसकर्मी सादी वर्दी में थे। इनमें एक सिपाही साइबर सेल और दूसरा एसओजी में तैनात बताया जा रहा है, जबकि दो पुलिसकर्मी अलग-अलग थानों के शामिल थे। आरोपितों ने सबसे पहले युवक को पकड़ा और उसका मोबाइल छीन लिया। मौके पर जुटी भीड़ को देखकर चारों पुलिसकर्मी मौके से भाग निकले। लोगों ने मुखबिर को पकड़ लिया।
बाद में आरोपित को कोतवाली मंडी थाने में दो दिन तक रखा गया। हैरत की बात यह है कि पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाए मेहरबान रही। आरोपित को थाने से छोड़ दिया गया। इस प्रकरण को लेकर एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। इस वीडियो में मुखबिर के आतंकी नेटवर्क से संबंध होने और अवैध तरीके से करोड़ों रुपये की संपत्ति जुटाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो में व्यक्ति बोल रहा है कि दिल्ली में हुए धमाके में मुखबिर का भी नाता रहा है। पूरे मामले की जांच कराने की मांग भी उठाई गई है। मामला क्रिप्टो ट्रेडिंग और डिजिटल टोकन में निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी से भी जुड़ा है।
घटना की जानकारी की जा रही है
घटना की जानकारी की जा रही है। प्रसारित वीडियो को भी देखा जा रहा है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।-अभिनंदन, एसएसपी
