सहारनपुर में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 10 बाइक और दो स्कूटी बरामद
Saharanpur News: सहारनपुर की मंडी थाना पुलिस ने एक वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार ...और पढ़ें

पुलिस गिरफ्त में आरोपित।
HighLights
सहारनपुर की मंडी पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया।
दो आरोपित गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश, जेल भेजा गया।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। मंडी थाना पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिल, दो स्कूटी और 2200 रुपये नकद बरामद किए हैं।
बरामद वाहनों में कई दूसरे राज्यों के पंजीकरण नंबर वाली बाइक और स्कूटी भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा है।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि 11 अक्टूबर को आली की चुंगी निवासी गुलशेर अहमद और चांद कालोनी निवासी शुएब ने अपनी-अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों मामलों में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस चोरों की तलाश में जुटी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मंडी थाना पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही थी। मंगलवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मंडी थाना पुलिस ने शकलापुरी रोड पर जुल्मगढ़ की पुलिया के पास कूड़ाघर तिराहे से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
उनकी पहचान शोभित उर्फ शोबी निवासी सम्राट विक्रम कालोनी, थाना मंडी और जावेद इकबाल निवासी मोहल्ला बंजारान, नकुड़ के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी के वाहन बरामद किए। इनमें स्प्लेंडर, स्प्लेंडर प्लस, स्प्लेंडर प्रो और टीवीएस स्टार सिटी मोटरसाइकिल शामिल हैं। दो स्कूटी भी बरामद की गई हैं। कुछ वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं मिली।
इसके अलावा 2200 रुपये नकद बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बेचकर हासिल की गई रकम बताया है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धाराएं बढ़ाने के साथ ही एक अन्य मुकदमा भी दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि शोभित उर्फ शोबी के खिलाफ पहले भी लूट, शस्त्र अधिनियम और गिरोहबंद अधिनियम समेत विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब बरामद वाहनों के मालिकों की पहचान और चोरी की अन्य घटनाओं से आरोपितों के संभावित संबंधों की जांच कर रही है।
