'ये वो दूल्हा नहीं जिसकी फोटो दिखाई थी', यह कहते हुए दुल्हन ने किया शादी से इनकार; जांच में खुली एक और पोल
Saharanpur News : सहारनपुर में एक लड़की ने शादी से इनकार कर दिया, क्योंकि उसे दिखाए गए युवक की जगह ...और पढ़ें

AI जेनरेटिड फोटो
HighLights
सहारनपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को थाने बुलाया।
लड़की नाबालिग निकली, चाइल्ड हेल्पलाइन तक पहुंचा मामला।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। शादी करने के लिए नाबालिग लड़की को किसी अन्य युवक का फोटो दिखा दिया गया। मगर बरात लेकर कोई और युवक आया तो दुल्हन ने हंगामा कर दिया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षाें को थाने लेकर आ गई।
इसके बाद पुलिस ने जब लड़की की उम्र की जांच कराई तो वह नाबालिग निकली। चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। किसी भी पक्ष की तरफ से फिलहाल कोई शिकायत नहीं आई है।
कुतुबशेर थाना क्षेत्र के अंबाला रोड पर स्थित एक बैंक्वेट हाल में गुरुवार की रात बरात आई थी। जब निकाह की रस्म शुरू होने लगी तो दुल्हन ने शादी से इनकारकर दिया। दुल्हन का कहना था कि उसे शादी से पहले जिस युवक की फोटो दिखाई गई थी, वह दुल्हा नहीं है। आरोप लगाया कि उसकी जगह किसी दूसरे युवक को दूल्हा बनाकर लाया गया।
दुल्हन के इस आरोप के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते बरातघर में हंगामा खड़ा हो गया। मामला बढ़ता देख किसी ने पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही थाना कुतुबशेर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने के बाद शादी समारोह में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया और पूछताछ के लिए उन्हें थाने ले आई। यहां पर पुलिस ने जब मामले की जानकारी करनी शुरू की तो दुल्हन की उम्र को लेकर भी शक हुआ। इसके बाद उम्र संबंधी जानकारी और दस्तावेजों की जांच की गई।
जांच में लड़की के नाबालिग होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने चाइल्ड हेल्पलाइन टीम को थाने पर बुलाया। थाना प्रभारी कुतुबशेर संतोष कुमार त्यागी ने बताया कि मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्षों से शादी तय होने, दूल्हे की फोटो दिखाए जाने और बरात में पहुंचे युवक को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
