पत्नी को नहाते देखने और फब्तियां कसने का आरोप लगाकर युवक की चाकू से गोदकर हत्या, सहारनपुर पुलिस ने आरोपित दबोचा
Saharanpur News: सहारनपुर के देवबंद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोपित ने बताया कि सुमित ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
देवबंद की वाल्मीकि बस्ती में वारदात से सनसनी।
पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। थाना देवबंद क्षेत्र की वाल्मीकि बस्ती में शनिवार सुबह एक युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सुमित (36) पुत्र सुनील के रूप में हुई है।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल सुमित को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) देवबंद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आरोपित राहुल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पूछताछ में आरोपित राहुल ने बताया कि सुमित उसकी पत्नी को अक्सर नहाते हुए देखता था। आरोपित ने यह भी आरोप लगाया कि सुमित उसकी पत्नी पर फब्तियां भी कसता था। इसी बात को लेकर उसके मन में नाराजगी थी। पुलिस इस विवाद को हत्या की वजह मानकर मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
शनिवार सुबह वाल्मीकि बस्ती में सुमित पर चाकू से हमला किए जाने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर थाना देवबंद पुलिस के साथ उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। हमले में गंभीर रूप से घायल सुमित को तत्काल सीएचसी देवबंद पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में राहुल को पुलिस हिरासत में लेकर गहनता से पूछताछ की जा रही है। घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी देवबंद अमित सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपित राहुल ने अपनी पत्नी को अक्सर नहाते हुए देखने व उस पर फब्तियों कसने की बात कही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
