सहारनपुर में डाक्टर से घर के बाहर लूट, विरोध करने पर मारपीट, बीच-बचाव को आए युवक पर भी हमला
Saharanpur News : नकुड़ कस्बे के मोहल्ला चौधरियान में डा. पंकज शर्मा से उनके घर के बाहर सोने की चेन ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
विरोध करने पर बदमाशों ने डाक्टर से मारपीट की।
बीच-बचाव करने आया युवक गंभीर घायल।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। नकुड़ कस्बे के मोहल्ला चौधरियान में लूट की वारदात सामने आई है। बदमाशों ने डा. पंकज शर्मा को उनके घर के बाहर निशाना बनाया और उनसे सोने की चेन लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने डाक्टर के साथ मारपीट की, जिसमें बीच-बचाव करने आया युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस बदमाशों को पकड़ने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
डा. पंकज शर्मा अपने घर के बाहर पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे दो बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने डाक्टर के गले से करीब डेढ़ तोला सोने की चेन छीन ली। जब डा. शर्मा ने विरोध किया तो उनके साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई।
इसी दौरान मौके पर मौजूद युवक वैभव ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो बदमाशों ने उसके सिर पर डंडे से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हाथापाई में डा. शर्मा को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल वैभव को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पीड़ित डाक्टर ने थाने में तहरीर दी है।
देवबंद में दो पक्षों में मारपीट व पथराव, कई घायल
उधर देवबंद के सराय मालियान में बुधवार रात दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि दो युवकों में फास्ट फूड की ठेली पर कहासुनी के बाद विवाद हुआ है। कई लोग मामूली रूप से घायल है। स्थिति सामान्य है। आगे की कार्रवाई जारी है।
