विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जरा सी बात पर अपने ही बन गए युवक के दुश्मन, भाई और भतीजे ने लोहे की रॉड से मौत के घाट उतारा

By Deepak Prajapati Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 19 Mar 2026 12:31 PM (IST)

Saharanpur News : सहारनपुर के गंगोह थाना क्षेत्र के बिसनौट गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक भाई और उसके ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो, इंसेट में मीनू का फाइल फोटो।

प्रतीकात्मक फोटो, इंसेट में मीनू का फाइल फोटो।

HighLights

  1. सहारनपुर के गंगोह थाना क्षेत्र के गांव बिसनौट का मामला।

  2. आरोपित भाई-भतीजा वारदात के बाद मौके से फरार।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। गंगोह थाना क्षेत्र के गांव बिसनौट में पारिवारिक विवाद में सगे भाई ने अपने पुत्र के साथ मिलकर अपने भाई की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित पिता-पुत्र मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

गंगोह थाना क्षेत्र गांव बिसनौट निवासी रामा के पांच पुत्र और एक पुत्री हैं। इनमें से तीन बेटे यमुनानगर में मजदूरी करते हैं, जबकि मीनू और सुभाष गांव में ही रहते थे। बुधवार देर रात करीब 12 बजे मीनू अपने बेटे को किसी बात पर डांट रहा था। इसी दौरान उसका भाई सुभाष और भतीजा दीपांशु बीच-बचाव करने पहुंच गए।

बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर तीनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में सुभाष और उसके बेटे दीपांशु ने पास में पड़ी लोहे की रॉड उठाकर मीनू के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से मीनू की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपित मौके से फरार हो गए।

घटना की जानकारी गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मृतक के भाई सतीश ने कोतवाली में तहरीर देकर सुभाष और दीपांशु के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

यह भी पढ़ें- सहारनपुर में एक लाख का इनामी 44 मुकदमों में वांछित हिस्ट्रीशीटर मुठभेड़ में ढेर, दो पुलिसकर्मी भी घायल

ग्रामीणों के अनुसार मृतक मीनू नशे का आदी था और अक्सर नशे की हालत में रहता था। इसी कारण उसकी पत्नी कई साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी। उसके दो छोटे बच्चे हैं। परिवार के पास करीब 15 बीघा कृषि भूमि है, जिसे ठेके पर देकर परिवार अपना गुजारा करता है। कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- दहेज को लेकर टूटा रिश्ता जोड़ने के लिए दारोगा भर्ती परीक्षा देने आई युवती पूर्व मंगेतर के साथ फरार