सहारनपुर वालों के लिए अच्छी खबर: आधुनिक बस अड्डे का निर्माण शुरू, एक ही स्थान से मिलेंगी सभी रूटों की बसें
Saharanpur News: सहारनपुर में दिल्ली रोड पर आधुनिक बस अड्डे का निर्माण कार्य शुरू हो गया है, जिसका लक्ष्य लगभग ...और पढ़ें

AI जेनरेटिड फोटो
HighLights
एक साल में तैयार करने का लक्ष्य, 23.20 करोड़ रुपये से होगा निर्माण कार्य।
बाहरी रूट की बसों का शहर में प्रवेश कम होने से मिलेगी जाम से राहत।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। शहर को जाम और बढ़ते यातायात दबाव से राहत दिलाने के लिए लंबे समय से प्रस्तावित आधुनिक बस अड्डे का निर्माण कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। दिल्ली रोड पर शाकंभरी विहार के आसपास करीब 23.20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस बस अड्डे को लगभग एक वर्ष में तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
सीएंडडीएस निर्माण एजेंसी ने मौके पर काम शुरू कर दिया है। बस अड्डे के अस्तित्व में आने के बाद बाहरी रूटों पर संचालित होने वाली बसों को शहर के अंदर तक आने की जरूरत कम होगी। इससे प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम होने और जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।
शहर में लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव के बीच बसों का संचालन भी यातायात व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। बाहरी क्षेत्रों से आने वाली बसें शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरती हैं। इससे व्यस्त समय में सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है और कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनती है। इतना ही नहीं घंटाघर और रेलवे रोड पर बसों को सड़कों पर खड़ा कर दिया जाता है।
जिससे यातायाता व्यवस्था बिगड़ती है और रोजाना जाम लगता है। आधुनिक बस अड्डा शहर के बाहरी हिस्से में विकसित होने से बसों को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने की योजना है। अभी तक रेलवे रोड, मानकमऊ और कांशीराम कालोनी के पास अस्थायी बस अड्डे से बसों का संचालन हो रहा है। विभिन्न रूट की बसों में सफर करने के लिए यात्रियों को परेशानी होती है, लेकिन बस अड्डे के निर्माण से एक ही स्थान से सभी रूटों की बस मिल सकेगी।
बस अड्डे का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। नवंबर 2027 से पहले आधुनिक बस अड्डे का निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा।
-रविंद्र कुमार, प्रोजेक्टर मैनेजर, सीएंडडीएस
