विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सहारनपुर में दशहरा पर यातायात व्‍यवस्‍था में बदलाव, विशेष ट्रैफि‍क प्लान जारी

By Deepak Prajapati Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 20 Oct 2026 05:45 AM (IST)

Saharanpur News: दशहरा पर्व पर सहारनपुर में यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। 20 अक्टूबर को सुबह ...और पढ़ें

प्रतीकात्‍मक फोटो

प्रतीकात्‍मक फोटो

HighLights

  1. कोर्ट रोड पुल पर शाम पांच बजे से कार, टेंपो और ई-रिक्शा प्रतिबंधित, कई मार्गों पर डायवर्जन लागू।

  2. बेहट अड्डे से माली गेट, पुरानी चुंगी और कोतवाली देहात की ओर जाने वाले मार्गों पर नहीं चलेंगे भारी वाहन।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। विजयदशमी (दशहरा) पर्व पर रामलीला, रावण दहन और शोभायात्राओं के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है।

मंगलवार 20 अक्टूबर को शहर में सुबह छह बजे से रात 12 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। माल लादने और उतारने के लिए आने वाले भारी वाहनों को भी इस प्रतिबंध से छूट नहीं मिलेगी।

महानगर में रावण दहन के दौरान भारी भीड़ उमड़ती है। महानगरवासियों को जाम के कारण दिक्कतों का सामना ना करना पड़े। इसके लिए यातायात पुलिस ने यातायात परिवर्तित प्लान जारी किया है। एसपी ट्रैफिक शैलेद्र श्रीवास्तव ने बताया कि कोर्ट रोड पुल के बराबर में आयोजित होने वाली रामलीला के मद्देनजर शाम पांच बजे से पुल पर कार, टेंपो और ई-रिक्शा का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा।

इस दौरान केवल दोपहिया वाहन ही पुल से गुजर सकेंगे। वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा। कोर्ट रोड से घंटाघर की ओर जाने वाले वाहन हसनपुर चौक से आइटीसी की तरफ होते हुए शारदा नगर पुल के रास्ते घंटाघर चौक पहुंचेंगे। कोर्ट रोड से खलासी लाइन की ओर जाने वाले मार्ग पर निर्माण और मरम्मत कार्य जारी होने के कारण यह डायवर्जन लागू रहेगा।

वहीं, घंटाघर से कोर्ट रोड जाने वाले वाहन देहरादून चौक, एसबीडी चौक, विश्वकर्मा चौक और दीवानी तिराहा मार्ग से संचालित होंगे। वाहन चालकों से निर्धारित रूट का पालन करने की अपील की गई है। बेहट अड्डे पर रावण दहन के चलते बेहट अड्डे से माली गेट, पुरानी चुंगी और कोतवाली देहात की ओर जाने वाले मार्गों पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

इन मार्गों पर पहले से खड़े भारी वाहनों को दोपहर 12 बजे से पहले हर हाल में हटाना होगा। नुमाइश कैंप में रावण दहन को देखते हुए चौकी राकेश केमिकल से किसी भी भारी वाहन को पुरानी चुंगी और बेहट अड्डे की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। एसपी ट्रैफिक शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि दशहरा पर्व के दौरान देर रात तक सड़कों पर भीड़ और शोभायात्राओं के चलते यातायात दबाव रहने की संभावना है।

ऐसे में वाहन चालक प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें, निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और यातायात पुलिस का सहयोग करें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया जा सके। इसके साथ ही प्रत्येक चौराहे पर अतिरिक्त यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।