दिल्ली-देहरादून इकोनोमिक कारिडोर पर हादसे में कारोबारी के पुत्र की मौत, क्रेटा का दरवाजा खोलते समय हुआ हादसा
सहारनपुर के कारोबारी विजय धवन के इकलौते बेटे राघव धवन (30) की दिल्ली-देहरादून इकोनोमिक कारिडोर पर सड़क हादसे में मौत ...और पढ़ें

HighLights
दिल्ली-देहरादून इकोनोमिक कारिडोर पर हुआ दर्दनाक सड़क हादसा।
सहारनपुर के कारोबारी विजय धवन के इकलौते बेटे राघव की मौत।
क्रेटा कार का दरवाजा खोलते समय अज्ञात वाहन ने मार दी टक्कर।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। दिल्ली-देहरादून इकोनोमिक कारिडोर पर बागपत के अग्रवाल मंडी टटीरी इंटरचेंज के पास शुक्रवार देररात सड़क हादसे में सहारनपुर के नुमाइश कैंप निवासी कारोबारी के इकलौते बेटे की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह शौच के बाद गाड़ी का दरवाजा खोल रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। मौके पर ही मौत हो गई। युवक अपनी क्रेटा कार से दोस्त से मिलने दिल्ली जा रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया।

नुमाइश कैंप निवासी कारोबारी विजय धवन का 30 वर्षीय इकलौता बेटा राघव धवन शुक्रवार को अपनी क्रेटा कार से दिल्ली के लिए निकला था। बताया गया कि वह अपने एक दोस्त से मिलने जा रहा था। घटना शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे की है। दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कारिडोर पर अग्रवाल मंडी टटीरी इंटरचेंज के पास पहुंचने पर उसकी कार को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि राघव गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे की जांच करते हुए टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान हो सके।
दो बहनों का चहेता भाई
30 वर्षीय राघव धावन परिवार में इकलौता था। शुभम और गिन्नी दोनों बहनों का चाहेता था। भाई बहनों में किसी की शादी नहीं हुई है। भाई की मौत के बाद बहनों का रो रो कर बुरा हाल है।
