विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सहारनपुर से नजर आईं शिवालिक की खूबसूरत पहाड़ियां, बरसात ने धोया प्रदूषण का दाग; AQI 265 से घटकर हुआ 75 

By Deepak Prajapati Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 30 Oct 2026 12:00 PM (IST)

Saharanpur News: सहारनपुर में 24 घंटे की बारिश से वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिससे एक्यूआई 265 से ...और पढ़ें

बारिश के बाद सहारनपुर से नजर आईं शिवालिक की पहाड़ियां। जागरण

बारिश के बाद सहारनपुर से नजर आईं शिवालिक की पहाड़ियां। जागरण

HighLights

  1. लगातार 24 घंटे तक हुई बारिश ने जहां मौसम का मिजाज बदल दिया।

  2. आसमान साफ होते ही दिखा शिवालिक पर्वतमाला का मनोहारी नजारा।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। लगातार 24 घंटे तक हुई बारिश ने जहां मौसम का मिजाज बदल दिया, वहीं वातावरण में घुला प्रदूषण भी काफी हद तक धुल गया।

बारिश के बाद शुक्रवार को सहारनपुर की हवा पहले के मुकाबले काफी स्वच्छ नजर आई। इसका असर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) पर भी दिखाई दिया। दो दिन पहले तक जहां एक्यूआई 265 के स्तर पर पहुंच गया था, वहीं शुक्रवार को यह गिरकर महज 75 पर आ गया। हवा में प्रदूषण का स्तर कम होने और आसमान साफ होने के बाद सहारनपुर से शिवालिक पर्वत श्रृंखला का खूबसूरत नजारा भी दिखाई दिया।

m6

 बारिश के बाद वातावरण में छाई धुंध और धूल के कण काफी हद तक साफ हो गए। आसमान खुलने के साथ ही दूर तक दृश्यता बेहतर हो गई। जिले से शिवालिक की पहाड़ियों का स्पष्ट दिखाई देना मौसम में आए इस बदलाव का प्रत्यक्ष प्रमाण बना। आमतौर पर धूल, धुएं और प्रदूषण की परत के कारण ओझल रहने वाली पर्वत श्रृंखला शुक्रवार को साफ आसमान के बीच आकर्षण का केंद्र रही।

पिछले कुछ दिनों से सहारनपुर और आसपास के क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता प्रभावित थी। वाहनों से निकलने वाला धुआं, धूल और अन्य प्रदूषक तत्व वातावरण में जमा होने के कारण एक्यूआई बढ़कर 265 तक पहुंच गया था। ऐसे में 24 घंटे तक हुई वर्षा ने वातावरण में मौजूद धूल और प्रदूषण के कणों को नीचे बैठाने में अहम भूमिका निभाई। नतीजतन हवा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया और शुक्रवार को एक्यूआई 75 पर पहुंच गया।

वायु गुणवत्ता में सुधार से लोगों को भी राहत मिली। बारिश के बाद मौसम खुशनुमा हो गया और वातावरण में ताजगी महसूस की गई। साफ आसमान और बेहतर दृश्यता ने प्रकृति के खूबसूरत नजारे को सामने ला दिया। सहारनपुर जिले से शिवालिक पर्वतमाला का दिखाई देना लोगों के लिए खास आकर्षण रहा। बारिश ने न केवल तापमान और मौसम के मिजाज में बदलाव किया, बल्कि प्रदूषण से जूझ रहे जिले को भी कुछ राहत दी।