विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सहारनपुर में संपत्ति खरीदारों को बड़ी राहत, पुराने सर्किल रेट पर ही होगी रजिस्ट्री

Published: Sat, 05 Sep 2026 09:56 PM (IST)

सहारनपुर में मकान और जमीन के नए सर्किल रेट अभी लागू नहीं होंगे, जिससे रजिस्ट्री पुराने दरों पर ही होगी।

News Article Hero Image

HighLights

  1. सहारनपुर में नए सर्किल रेट अभी लागू नहीं होंगे।

  2. पुराने दरों पर ही मकान और जमीन की रजिस्ट्री होगी।

  3. नए रेट तय करने में आ रही जटिलताओं के कारण निर्णय।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। सहारनपुर में मकान और जमीन के सर्किल रेट अभी नहीं बढ़ेंगे। मौजूदा दरों पर ही रजिस्ट्री की जाएगी। कई जिलों में नए सर्किल रेट लागू हो चुके हैं, लेकिन जिले में नए रेट तय करने की प्रक्रिया में उलझाव के कारण यह संभव नहीं हो पा रहा है।

लखनऊ मुख्यालय से आए संशोधनों और जिले की परिस्थितियों के अनुरूप निर्णय नहीं हो सके हैं। नए रेट तय करने की प्रक्रिया फरवरी में शुरू हुई थी। जिले में अपने घर का सपना देख रहे लोगों को राहत मिली है, क्योंकि सर्किल रेट न बढ़ने से जमीन और मकान खरीदने में सहूलियत होगी।

हालांकि, यह राहत स्थायी नहीं है और नए सर्किल रेट लागू होने तक ही सीमित रहेगी। नए रेट में 20 प्रतिशत से अधिक वृद्धि की संभावना जताई जा रही थी। स्टांप एवं पंजीयन विभाग हर वर्ष नए सर्किल रेट निर्धारित करता है।

फरवरी में निबंधन विभाग ने नए सर्किल रेट के निर्धारण के लिए सब रजिस्ट्रार कार्यालयों से प्रस्ताव मांगे थे। जिले में सदर तहसील के तीन और बेहट, नकुड़, देवबंद व रामपुर मनिहारान के एक-एक सब रजिस्ट्रार कार्यालय संचालित हैं।

मार्च में प्रस्ताव के आधार पर नए सर्किल रेट तय करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन लखनऊ से आए संशोधनों के कारण यह प्रक्रिया उलझ गई।

जिले की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार संशोधन मेल नहीं खा रहे थे, जिससे रेट तय करने में कठिनाई आई। जून में लखनऊ मुख्यालय से मिले निर्देश के अनुसार एक अगस्त से नए सर्किल रेट लागू करने की कोशिश की गई, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।

सहायक आयुक्त बृजेश सिंह चौधरी ने बताया कि वर्तमान में सर्किल रेट नहीं बढ़ेंगे, क्योंकि जिलाधिकारी ने इसे मना कर दिया है।