बेवजह घूमने वालों पर की सख्ती
देवबंद में कोरोना संक्रमण के चलते प्रदेश सरकार द्वारा घोषित किए गए 55 घंटे के लॉकडाउन के चलते शनिवार को बाजारों में सन्नाटा रहा। प्रशासन मुस्तैद रहा और बेवजह बाहर घूम रहे लोगों को सख्ती बरतते हुए वापस घरों को भेजा। पुलिस ने बड़ी संख्या में वाहनों के चालान भी काटे।
सहारनपुर, जेएनएन। देवबंद में कोरोना संक्रमण के चलते प्रदेश सरकार द्वारा घोषित किए गए 55 घंटे के लॉकडाउन के चलते शनिवार को बाजारों में सन्नाटा रहा। प्रशासन मुस्तैद रहा और बेवजह बाहर घूम रहे लोगों को सख्ती बरतते हुए वापस घरों को भेजा। पुलिस ने बड़ी संख्या में वाहनों के चालान भी काटे। कई स्थानों पर इक्का-दुक्का खुली दुकानों के भी चालान काटे गए।
गुरुवार देर शाम प्रदेश सरकार द्वारा कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए शुक्रवार देर रात 10 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन की घोषणा करते हुए शहरी व ग्रामीण हाट, बाजार, गल्ला मंडी, व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रखने की हिदायत दी गई थी। लॉकडाउन की घोषणा के बावजूद शनिवार की सुबह कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानें खोली तो प्रशासन ने दुकानदारों के चालान काट उन्हें दुकानें बंद करने को निर्देशित किया। इसके बाद सभी प्रतिष्ठान बंद होने के चलते बाजार सुनसान हो गए। प्रतिबंध के बाद भी अनावश्यक रूप से बिना मास्क सड़कों पर वाहन लेकर घूम रहे दर्जनों लोगों के वाहनों के भी पुलिस ने चालान किए। एसडीएम देवेंद्र पांडेय ने कहा कि लॉकडाउन का पालन नहीं करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने लोगों से लॉकडाउन का पालन करने और कोरोना से बचाव को घरों में रहने की अपील की।