जामिया और अलीगढ़ में बवाल के बाद देवबंद हुआ छावनी में तब्दील Saharanpur News
जामिया व अलीगढ़ में हुए बवाल के बाद सुरक्षा के मद्देनजर एसपी देहात समेत कई थानों की फोर्स दारुल उलूम क्षेत्र में तैनात कर दी गई है।
सहारनपुर, जेएनएन। नागरिकता संशोधन बिल को लेकर दिल्ली के जामिया और अलीगढ़ में हुए बवाल के बाद जिले में प्रशासन अलर्ट है। इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। खासतौर पर देवबंद में अतिरिक्त चैकसी बरती जा रही है। इस्लामी शिक्षा के सबसे बड़े केंद्र दारुल उलूम देवबंद के आसपास के इलाकों को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। जनपद के आला अधिकारी देवबंद में डेरा डाले है।
यह है मामला
रविवार की शाम देश की राजधानी दिल्ली और अलीगढ़ में नागरिकता संशोधन बिल के खिलाफ हुए उग्र प्रदर्शन के बाद रविवार देर रात प्रशासन जिले में एहतियातन इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई। पूरे जनपद में हाई अर्लट घोषित है। नागरिकता बिल को लेकर पांच दिन पूर्व मदरसा छात्रों और मुस्लिम समाज के लोगों द्वारा प्रदर्शन करने के चलते देवबंद को लेकर प्रशासन की चिंता बढ़ी हुई है। सोमवार सुबह ही देवबंद को छावनी में तब्दील कर दिया गया। एसपी देहात विद्या सागर मिश्र के नेतृत्व में देवबंद समेत आसपास के थानों का फोर्स दारुल उलूम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रहा है। वहीं, एसडीएम देवबंद राकेश कुमार, सीओ चैब सिंह व प्रभारी निरीक्षक यज्ञदत्त शर्मा समेत खुफिया विभाग का पूरा अमला क्षेत्र में हो रही हर हरकत पर नजर बनाए हैं। सूत्रों की मानें तो दिल्ली और अलीगढ़ में हुए बवाल के बाद देवबंद में भी बड़े विरोध प्रदर्शन का इनपुट प्रशासन को मिला था, जिससे पुलिस प्रशासन में हड़कंप है।
इन्होंने बताया
एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने बताया कि एहतियात के तौर पर देवबंद में पुलिस बल तैनात किया गया है। सभी जगह शांति कायम है। यदि कोई शांति व्यवस्था से खिलवाड़ का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।