अनाज मंडी स्थापित कराने को तहसील पर प्रदर्शन
भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति ने शुक्रवार को तहसील पहुंचकर किसानों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित एक छह सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम दीप्ति देव यादव को सौंपा।
सहारनपुर जेएनएन। भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति ने शुक्रवार को तहसील पहुंचकर किसानों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित एक छह सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम दीप्ति देव यादव को सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि घाड़क्षेत्र के किसान क्षेत्र में अनाज मंडी न होने से परेशान हैं। किसानों को अपनी फसल को औने-पौने दाम में बेचना पड़ रहा है। इससे उनकी आय कम हो रही है। किसानों की आर्थिक स्थिति दिन प्रतिदिन दयनीय होती जा रही है। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में बेहट तहसील क्षेत्र में अनाज मंडी की स्थापना कराए जाने की मांग की। ताकि यहां का किसान अपनी फसल को उचित दामों पर बेचकर अपनी आर्थिक स्थिति को सुधारने के साथ ही आत्महत्या जैसे कदम उठाने से बच सके। प्रदर्शन के दौरान चेतावनी दी गई कि यदि 15 दिन में समस्या के समाधान को कोई कदम नहीं उठाया गया तो संगठन तहसील मुख्यालय पर बेमियादी धरना प्रदर्शन को बाध्य होगा। प्रदर्शन में सोनू चौधरी, भीम सैन राणा, अशोक राणा, मुसारिक अहमद, योगेश चौधरी, सोनी राणा, ठाठ सिंह, जगराम, राशिद अली, सुशील धीमान व जाबिर हसन आदि शामिल रहे।