बारदाने की वजह से रुकी धान की खरीद
बड़गांव में बारदाने की कमी के चलते धान खरीद रूक गई है। तीन दिन पहले डिमांड देने के बावजूद बारदाना नहीं पहुंचा है।
सहारनपुर, जेएनएन। बड़गांव में बारदाने की कमी के चलते धान खरीद रूक गई है। तीन दिन पहले डिमांड देने के बावजूद बारदाना नहीं पहुंचा है। धान खरीद की धीमी गति का हाल यह है कि आठ दिन में 15 किसानों से मात्र 511 कुंतल धान की खरीद हो पाई है, जिससे किसानों में रोष है।
क्षेत्र में धान क्रय केंद्र नहीं होने का समाचार दैनिक जागरण में प्रकाशित होने के बाद जिलाधिकारी ने बड़गांव में क्रय केंद्र संचालित करने के निर्देश दिए थे। जिस पर किसान सेवा सहकारी समिति में पीसीएफ का धान क्रय केंद्र शुरू हुआ। केंद्र पर आठ अक्टूबर से धान खरीद की जा रही है। खरीद कार्य धीमी गति से चलने के कारण नौ दिन में मात्र 15 किसानों 511कुंतल धान की खरीद हो पाई है। दो दिन से क्रय केंद्र पर बारदाना नहीं है। इसलिए अब खरीद रूकी हुई है। क्रय केंद्र प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि तीन दिन पहले बारदाने के लिए डिमांड भेजी थी, लेकिन अब बारदाने की कमी में कार्य रूक गया है। उधर शनिवार को तहसीलदार रामपुर आशुतोष कुमार ने धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। किसानों ने भी इस संबंध में शिकायत की थी। जिस पर तहसीलदार ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया था।